लखीमपुर खीरी। व्हाट्सएप पर भेजे गए लिंक को क्लिक करते ही थरवरनगंज निवासी एक युवक के खाते से रुपये कट गए। जालसाज ने परिवार के कई अन्य सदस्यों के खाते से करीब 1.55 लाख रुपये पार कर दिए हैं। पुलिस ने शाहिद की तहरीर पर धोखाधड़ी का केस दर्जकर जांच शुरू की।
मोहल्ला थरवरनगंज निवासी शाहिद ने बताया कि उसे व्हाट्सएप
पर एक लिंक आया था। लिंक ओपेन कर एप डाउनलोड करने को कहा गया था। एप डाउनलोड करते ही यूपीआई के जरिए खाते से रुपये कट गए। शाहिद ने बताया कि ठगों ने उसके खाते से करीब 50 हजार रुपये पार क दिए। परिवार के सदस्यों और जान-पहचान के लोगों को मिलाकर करीब 1.55 लाख रुपये ठगे जा चुके हैं।
बताया कि जालसाजों ने जीएसए नाम से एप बना रखा है। इसी नाम का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी है। ठगों ने कई नंबर भी जारी किए हैं। पुलिस ने दर्ज कराए मुकदमे में ग्रुप एडमिन के नंबर भी बताए हैं। यूपीआई से किए गए ट्रांजेक्शन व एप के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दिए गए हैं। रुपये कट जाने से वह मानसिक रूप से परेशान हैं। शाहिद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी की धाराओं में केस दर्जकर जांच शुरू की है।
यह बरतें सावधानी
- किसी भी व्यक्ति से खाता नंबर या पासवर्ड को शेयर नहीं करें।
- जब तक आश्वस्त न हो, तब तक व्यक्तिगत जानकारी वेबसाइट पर नहीं दें।
- अंजान मैसेज लिंक, यूआरएल कोड नोटिफिकेशन पर बिना जानकारी के क्लिक नहीं करें।
- ऑनलाइन ट्रांसफर द्वारा भुगतान करने के किसी भी अनुरोध पर संदेह करें।
- अंजान व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बिल्कुल भी बात नहीं करें।
- किसी भी रिमोट एप जैसे टीम व्यूअर, एनी डेस्क को डाउनलोड नहीं करें