लखीमपुर खीरी। बुखारपुर पुराना शहर बरेली निवासी अभिषेक पारासरी ने गीता ट्रांसपोर्ट कंपनी संचालक, ट्रक मालिक और चालक पर फर्जी बिल बनाकर 11.96 लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया।
सदर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में अभिषेक पारासरी ने बताया कि वह तिरुपति इंटरप्राइजेज रामपुर गार्डेन-बरेली का अकाउंटेंट है। उसकी फर्म चीनी की थोक बिक्री व कमीशन एजेंट का काम करती है। फर्म ने जौनपुर की मेसर्स पवन ट्रेडर्स नगर पंचायत रामपुर को 300 बोरी चीनी बेचने का करार किया था। इसी क्रम में उसकी फर्म ने गुलरिया चीनी मिल को 11.89 लाख रुपये का भुगतान किया।
गीता ट्रांसपोर्ट कंपनी से ट्रक बुक कराकर करीब 11.96 लाख रुपये कीमत की चीनी का बिल बनवाकर पवन ट्रेडर्स को भेजा। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक राहुल अवस्थी को वह बिल दे दिया गया। कंपनी मालिक ने फर्जी बिल बनाया और चालक को मार्कंडेय इंटर प्राइजेज के नाम का बिल देकर चीनी उतरवा दी।
निर्धारित जगह चीनी न पहुंचने पर उसने जानकारी की तो चालक ने मार्कंडेय इंटरप्राइजेज के यहां चीनी उतरने की जानकारी दी। अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के राहुल अवस्थी, ट्रक मालिक शाहदीन खान व चालक राजेश पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।