लखीमपुर खीरी। 14 और 15 मार्च को जिले में होने वाली पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के लिए रोडवेज ने विशेष तैयारियां की हैं। लखीमपुर डिपो ने अपनी बसों के संचालन की व्यवस्था की है। जरूरत पड़ने पर गोला डिपो से भी अतिरिक्त बसें मंगाई जाएंगी, ताकि अभ्यर्थियों को आने-जाने में परेशानी न हो।
जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर दो दिन तक दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4,800 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह चार पालियों में कुल 19,200 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को लेकर रोडवेज ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है।
लखीमपुर में अमेठी, बरेली, बहराइच, पीलीभीत, लखनऊ समेत कई जनपदों के अभ्यर्थियों के केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में परीक्षा के दौरान जिले में परिवहन पर दबाव बढ़ने की संभावना है।
एआरएम गीता सिंह ने बताया कि लखीमपुर डिपो के पास निगम की 15 बसें उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर गोला डिपो से भी बसें ली जाएंगी। अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा दिक्कत परीक्षा के बाद वापसी में होती है, इसलिए इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिस जनपद के अभ्यर्थी अधिक होंगे, उस दिशा में विशेष बसें चलाई जाएंगी।
उधर, लखीमपुर जिले के कई अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र लखनऊ, सुल्तानपुर समेत अन्य जनपदों में बनाए गए हैं। इसे देखते हुए कुछ निजी ट्रांसपोर्टरों ने भी विशेष बसों के संचालन की तैयारी की है।
400 से अधिक पुलिसकर्मियों की रहेगी ड्यूटी
दो दिनों में चार पालियों में होने वाली इस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात हो जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एएसपी पूर्वी पवन गौतम, एएसपी पश्चिमी अमित राय समेत अन्य अधिकारी भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का जायजा लेंगे।