लखीमपुर खीरी। रोडवेज डिपो से जो बसें अनुबंधित की गई हैं, उनकी हालत बहुत खस्ता है। बस मालिक मनमानी कर सड़कों पर इन्हें दौड़ा रहे हैं। इसका खुलासा मंगलवार को हरदोई से आई चार सदस्यीय टीम की जांच में हुआ। कई बसों के न तो इंडीकेटर जले और न ही आपातकालीन खिड़की खुली। पांच बसों की हालत जर्जर मिलने पर टीम ने संचालन रुकवाकर मालिकों को नोटिस जारी करने को कहा है।
हरदोई क्षेत्र की जांच टीम मंगलवार दोपहर करीब एक बजे लखीमपुर बस डिपो पहुंची। टीएस (यातायात अधीक्षक) एके सिंह एवं गोपाल दयाल और सहायक यातायात निरीक्षक शाहजहांपुर फिरोज खान व महेश कुमार ने डिपो पर खड़ी यूपी 31 टी 8813 का निरीक्षण किया तो उसके इंडीकेटर नहीं जले और न ही आपातकालीन खिड़की खुली। चालक दिलीप कुमार ने कहा कि रास्ते में कहीं यात्री इसे खोल न दें, इसलिए जाम करा दिया। बस के अंदर की दशा भी काफी खराब मिली। टीम को अग्निशमन यंत्र भी खाली मिला और सीट कवर भी काफी गंदे और फटे मिले। टीम ने नाराजगी जताते हुए बस की कंडीशन दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इन बिंदुओं पर हुआ निरीक्षण
सीट, पायदान, बॉडी, फर्श, विद्युत वायरिंग, फ्रंट एवं बैक लाइट और इंडीकेटर, आपातकालीन खिड़की, स्पीड लिमिट डिवाइश, व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम, टायरों की दशा आदि का निरीक्षण किया।
इन बसों का रोका संचालन
टीम ने बीस अनुबंधित बसों का निरीक्षण किया। अधिकतर की हालत खस्ताहाल मिली। यूपी 31 टी 4587 एवं 8015, 3374, 8363, 9314 का हालत ज्यादा खराब मिलने पर टीम ने इनका संचालन रुकवा दिया।
बीस बसों का निरीक्षण किया गया, जिसमें से कई के अग्निशमन यंत्र खाली मिले और इंडीकेटर भी नहीं जले। इनकी हालत सुधारने के लिए बस मालिकों को नोटिस जारी होगा। पांच बसों की हालत दयनीय मिली है। जिनका संचालन रोक दिया गया।
- एके सिंह, यातायात अधीक्षक, हरदोई क्षेत्र