रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने हरदोई इकाई के क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बृहस्पतिवार को लखीमपुर रोडवेज बस अड्डे पर कर्मचारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भेजा।
आरोप है कि बगैर परिचालकों की नियुक्ति किए 70 अनुबंधित बसों को निगम में संचालन के लिए लगा दिया गया है। जबकि निगम की बसों को खड़ी कर अनुबंधित बसों को कई डिपो में लगाया गया है और भर्ती न कर पुराने परिचालकों का स्थानांतरण कर लगातार ड्यूटी कराई जा रही है। प्रबंध निदेशक को भेजे ज्ञापन में संगठन के शाखा अध्यक्ष बीके त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सहायक क्षेत्रीय प्रबंध वित्त एवं शासन के आदेशों से एकाउंटेंट हरनाम सिंह को परिचालक बनाया था लेकिन परिचालक पद का बगैर काम कराए ही उनको बीसी में पदोन्नति कर पटल पर तैनात कर दिया गया है। इससे एक ग्रुप की तरह कार्य किया जा रहा है और अनुबंधित बसों को अनुबंध पत्र के साथ लाखों रुपये की वसूली की जा रही है।
ये समस्याएं भी उठाईं
-बसों में अभी तक न ही आलवेदर वल्ब लगे हैं और न ही कोहरा लाइटें हैं।
-संविदा चालक-परिचालकों का बकाया छह माह का प्रोत्साहन भत्ता नहीं दिया गया है, जबकि अन्य समस्त क्षेत्रों में बांटा जा चुका है।
-क्षेत्र में कार्यरत नियमित, संविदा चालक और परिचालकों से लंबी दूरी की बसों में वरिष्ठता के आधार पर संचालन कार्य कराया जाए।
-स्थानांतरण नीति का खुला उल्लंघन कर शाखाध्यक्षों और मंत्रियों सहित क्षेत्रीय मंत्री के गैर जिला स्थानांतरण को निरस्त कर उन्हें पूर्व तैनाती वाले डिपो में भेजा जाए।
-क्षेत्र में एटीएम मशीनों के अभाव के कारण संचालन में हो रही दिक्कतों को देखते हुए समस्त डिपो में एटीएम मशीनों की व्यवस्था की जाए।
-कर्मचारियों को जल्द एसीपी का लाभ दिलाया जाए।