लखीमपुर खीरी। अनुबंध को ठेंगे पर रख दूसरे रूट पर चल रहीं रोडवेज की ठेका बसें अब अपने निर्धारित रूट पर ही चलेंगी। ऑफ रूट चल रहीं बसों को लेकर अमर उजाला में .... यहां तो साहब नहीं मालिकों के आदेश से दौड़ती हैं रोडवेज की ठेका वाली बसें, शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया है। सोमवार को एआरएम ने बस का संचालन निर्धारित रूट पर ही करने के लिए केंद्र प्रभारी को निर्देशित कर दिया।
बता दें कि लखीमपुर डिपो की कुछ बसों का संचालन पिछले कई माह से अनुबंध को दरकिनार कर दूसरे रूट पर किया जा रहा था। इसकी जानकारी होने के बावजूद डिपो के सभी जिम्मेदार आंख मूंदें थे और मामला उजागर होने पर डिपो के जिम्मेदारों ने एक दूसरे की जिम्मेदारी बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। सोमवार को अमर उजाला में खबर छपने के बाद अधिकारी हरकत में आ गए है। एआरएम ने केंद्र प्रभारी को बस का संचालन निर्धारित रूट पर ही करने के निर्देश दिए। इस पर केंद्र प्रभारी ने संविदा परिचालक को सीतापुर गोला रूट पर ही बस चलाने की चेतावनी दी है। अभी तक सबसे ज्यादा गड़बड़ी बस संख्या यूपी 31 टी 7950 को लेकर सामने आई है।
केंद्र प्रभारी को बस का संचालन निर्धारित रूट पर कराने के निर्देश दे दिए हैं। बसों में वीटीएस अभी तक क्यों नहीं लगा। इसकी जांच कराई जाएगी। इसके लिए जो जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
एसपी सिंह, एआरएम लखीमपुर डिपो