फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जानलेवा हुआ लखनऊ-बरेली हाईवेः ब्लैक स्पॉट छोड़िए, यहां तो हाईवे पर बड़े-बड़े मौत के गड्डे

विज्ञापन
लखनऊ बरेली हाइवे पर मैगलगंज में धंसे अंडरपास के पास पलटा ट्रक। - फोटो : LAKHIMPUR
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। जनपद में सड़क हादसों में हर साल सैकड़ों लोग असमय काल के गाल में समा जाते हैं। प्रतिदिन औसतन दो से तीन लोग सड़क दुर्घटना का शिकार बनते हैं। इन ब्लैक स्पॉट पर हादसों की रोकथाम के ठोस उपाय किए जाने हैं, लेकिन अभ तक फौरी तौर पर कार्य कराए गए हैं। रंबल स्ट्रिप और साइन बोर्ड के जरिए सड़क हादसों में कमी लाने के प्रयास ज्यादा कारगर नहीं रहे हैं। नतीजतन सड़क हादसों की संख्या में कमी नहीं आ पा रही है, जबकि सरकार द्वारा हर महीने के अंतराल पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात सप्ताह/माह मनाया जा रहा है, लेकिन इसका भी व्यापक स्तर पर असर नहीं दिखा है।
विज्ञापन

जनपद की सड़कों पर 13 स्थानों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट हैं, जिनके आसपास सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं होने की आशंका हर समय रहती है। जरा सी चूक में जिंदगी से हाथ धोना पड़ सकता है। ऐसे ब्लैक स्पॉट की समस्या के निस्तारण के प्रयास दशकों से चले आ रहे हैं, लेकिन अब तक इनका स्थाई समाधान नहीं हुआ हैै। वहीं सबसे बड़ी समस्या यह भी है कि यातायात के नियमों का पालन न करने से अक्सर लोग लापरवाही करते हैं, जिसका खामियाजा कई बार दूसरे वाहन चालकों को भी उठाना पड़ता है।
सेफ ड्राइविंग को लेकर कड़े कदम उठाए जाने की जरूरत है, लेकिन अब तक चौराहों पर या प्रमुख मार्गों पर फटाफट अंदाज में अभियान चलाकर वाहनों के चालान किए जाते हैं। इससे राजस्व वसूली तो हो रही है, लेकिन दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। अब गन्ना सीजन की शुरुआत हो गई है, जिससे सड़कों पर बड़ी संख्या में गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बैलगाड़ी आदि निकलने लगी हैं। रात में यह वाहन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। ब्लैक स्पॉट पर जेब्रा लाइन, रंबल स्ट्रिप और साइन बोर्ड लगाए जाने हैं। कुछ मार्गों पर कार्य कराया गया है, तो कई मार्गों पर कार्य प्रस्तावित है।
विज्ञापन

मैगलगंज। लखनऊ से बरेली नेशनल हाईवे-24 पर मैगलगंज से जहानीखेड़ा के बीच सड़क काफी जर्जर है। बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। इन्हीं गड्ढों में बारिश का पानी घुसने से सड़क नीचे से खोखली हो गई है। इससे सड़क लगातार किनारों से धंसती जा रही है, जिससे आए-दिन हादसे हो रहे हैं।
नेशनल हाईवे-24 पर लखनऊ से दिल्ली तक रोड का चौड़ीकरण कार्य काफी समय से बाधित है। सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे और उनसे बचाव के लिए रखे बोल्डर से टकराकर वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। आए-दिन दुर्घटनाओं में सवारियों का चोटिल होना आम बात हो गई है, तो कई बार भीषण हादसों में लोग जान गवां बैठते हैं। मैगलगंज और चपरतला बाईपास पर बने अंडरपास धंस गए हैं, जिनमें भारी-भरकम गढ्डे बने हुए हैं। इन्हीं गढ्डों में बाइक/कार की बात छोड़िए ट्रक भी समा जाते हैं, जिससे लोगों की जान पर आफत टूट पड़ती है। वहीं जिम्मेदार विभाग और अधिकारी मौन हैं। बरसात सीजन चले जाने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है।
अंडरपास पूरी तरह हुआ क्षतिग्रस्त
मैगलगंज बाईपास पर करोड़ों की लागत से बनाया गया अंडरपास पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसमें भारी वाहन फंसकर पलट जाते हैं। हादसे में ड्राइवर समेत सवारियां भी चोटिल हो जाती हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था ने अब तक ध्यान नहीं दिया है, जिससे चलते कई राहगीर अपनी जान गवां चुके हैं। ड्राइवर को जानलेवा गड्ढे का जब तक अचानक पता चलता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
सड़क किनारे खड्डे में गिर रहे वाहन
अंडरपास चपरतला के पास बारिश के समय में चारों तरफ सड़क टूट कर नीचे धंस गई है। रात के समय जब वाहन आते हैं, तो सामने से लाइट लगने पर आंखें चकाचौंध हो जाती हैं। इससे ड्राइवर को सड़क के गड्ढे का पता नहीं चल पाता और गाड़ी लेकर नीचे गिर जाता है। पूर्व में इसी प्रकार कई हादसे हो चुके हैं।
वाहनों की हो जाती है टक्कर
गोमती पुल के निकट एक तरफ रोड खराब है, जिससे कार्यदायी संस्था ने रॉन्ग साइड से बीच रोड में कट देकर दूसरी रोड के ऊपर बोर्ड लगाकर यातायात चालू कर दिया है। इससे रात को दोनों तरफ से आ रहे वाहन गफलत की स्थिति में आपस में टकरा जाते हैं, जिससे भी कई बार वहां पर हादसे हो चुके हैं।
पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अब भरे जा रहे हैं गड्ढे
पीलीभीत-बस्ती हाईवे के चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिससे यह मार्ग जगह-जगह जर्जर हो चुका है। इस मार्ग पर पीडब्ल्यूडी एनएच ने गड्ढों की मरम्मत का कार्य शुरू कराया है। रविवार को छाउछ चौराहे के आसपास सड़क के गड्ढे भरे गए।
पीडब्ल्यूडी विभाग की सड़कों पर 13 ब्लैक स्पॉट हैं, जिन पर जेब्रा लाइन, रंबल स्ट्रिप बनाए गए हैं। इसके अलावा मोड़ वाले स्थानों पर संकेतक साइन बोर्ड लगवाए गए हैं। - नरेंद्र कुमार यादव, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड

मैगलगंज बाईपास पर सड़क धसने से बना गड्ढा- फोटो : LAKHIMPUR

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें