बंडा-पूरनपुर नेशनल हाईवे पर थाने के सामने से बाइक पर बगैर हेलमेट के जाते तीन लोग। संवाद
शाहजहांपुर। पुलिस की ढिलाई और यातायात नियम न मानने की जिद में सड़क हादसे में लगातार लोगों की जान जा रही है। हादसों में कई लोग अपाहिज हो चुके हैं। कई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इसके बावजूद हादसों में लगाम नहीं लग पा रहा है।
जनवरी से 21 मई तक 333 हादसों में 184 लोगों की मौत हो चुकी है। 275 घायल हुए हैं। केवल मई माह में 34 लोगों ने हादसों में अपनी जान गंवाई है। करीब 40 लोग घायल हुए हैं। अधिकतर मामलों में हेलमेट न लगाने के कारण बाइक सवारों की जान गई है। शहर के अंदर तो पुलिस चेकिंग करती है लेकिन हाईवे पर नियमों की धज्जियां उड़ती रहती हैं।
एक बाइक पर तीन से चार लोग सवार रहते हैं। ग्रामीण क्षेत्र में तो बहुत कम लोग ही हेलमेट लगाते हैं। हेलमेट साथ लेकर चलते हैं और तभी लगाते हैं जब शहर में चेकिंग में पकड़े जाने का डर होता है। हाईवे पर हेलमेट या तीन सवार बाइक चालकों की चेकिंग ठप पड़ी है। थानों के सामने से तीन-चार बाइक सवार निकलते रहते हैं लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती।
सीओ ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि अभियान के तहत समय-समय पर लोगों को जागरूक किया जाता है। हाईवे पर हो रहे हादसों में कमी लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिंदगी अनमोल है। यातायात के नियमों का पालन कर अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरे की भी जिंदगी को सुरक्षित करें।
बंडा-पूरनपुर नेशनल हाईवे पर थाने के सामने से बाइक पर बगैर हेलमेट के जाते तीन लोग। संवाद