आदिवासी थारू जनजाति क्षेत्र में गोद लिए गए गांवों को विकास का जामा पहनाने के लिए डीएम किंजल सिंह के शुरू किए गए द राइजिंग कार्यक्रम में सातवें दिन हैप्पी स्ट्रीट कार्यक्रम हुआ, जिसमें डीजे पर योगाभ्यास कराया गया। डीएम और इसरायली योग गुरु ने बच्चों को तमाम टिप्स दिए। डीएम ने पुरैना गांव में लाइब्रेरी का शिलान्यास भी किया और इसके साथ ही गांव में साफ सफाई का जायजा भी लिया।
रामनगर चौराहे पर आयोजित हैप्पी स्ट्रीट कार्यक्रम में आश्रम पद्धति, एकलव्य मॉडल, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय आदि और आसपास के बच्चों की योग क्लास हुई। इसमें इसरायली योग गुरु यारा ने योग के टिप्स दिए। इसमें संगीत की धुन पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने योग किया। इसके बाद डीएम ने पुरैना गांव का भ्रमण कर वहां पर हो रहे मिनी स्टेडियम आदि निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में गति लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यहां लाइब्रेरी का शिलान्यास भी किया। वह यहां साफ-सफाई, विद्यालय भवन की रंगाई पुताई कार्य को भी देखने गईं। उन्होंने एकलव्य मॉडल विद्यालय पहुंच कर मोहिनी अट्टम नृत्य सीख रहीं छात्राओं और गुरु दीपा चक्रवर्ती से मुलाकात की । डीएम की पाठशाला में सुलभ इंटरनेशनल की टीम ने स्वच्छता के टिप्स देते हुए इसकी महत्ता को बताया। दोपहर में मोहिनी अट्टम, कथक, थियेटर प्ले आदि हुआ। केंद्रीय मंच पर भागीदारी भवन से आए काउंसलर डीके वर्मा ने स्कूलों की छात्राओं को भविष्य के लिए टिप्स दिए। डीएम ने रोजगार सृजन और विकास कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। हैंडबाल, फुटबाल, हाकी और क्रिकेट आदि की प्रतियोगिताएं भी हुईं।