निर्माणाधीन बरबर अजबापुर मार्ग। संवाद
पसगवां। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बरवर से अजबापुर वाया पतवन, मुल्लापुर तक बनने वाले 14 किलोमीटर लंबे मार्ग के संशोधित (रिवाइज) एस्टीमेट को मंजूरी मिल गई है। परियोजना के लिए अब 20.01 करोड़ रुपये उपलब्ध हो गए हैं। लंबे समय से रुका निर्माण कार्य एक-दो दिन में दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।
सड़क का निर्माण 22 जुलाई 2024 तक पूरा होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से समय पर पूरा नहीं हो सका। निर्माण का ठेका मेसर्स तिरुपति बालाजी कंस्ट्रक्शन, कानपुर रोड, लखनऊ को दिया गया था। शुरुआत में 10.83 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे और कुछ हिस्से में निर्माण भी हुआ, लेकिन सड़क की चौड़ाई को लेकर स्थानीय स्तर पर दिक्कतों के कारण काम रोकना पड़ा। इसके बाद विभाग ने संशोधित एस्टीमेट शासन को भेजा।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 9 करोड़ 18 लाख 12 हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की है। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि मशीनें और अन्य उपकरण साइट पर पहुंचने लगे हैं। एक-दो दिन में काम शुरू हो जाएगा।