लखीमपुर खीरी। मई माह के पहले शनिवार को तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। निघासन में डीएम ने शिकायतें सुनीं जबकि अन्य तहसीलों में संबंधित एसडीएम ने अध्यक्षता कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। कुल 215 शिकायतों में से पांच का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
निघासन। तहसील निघासन सभागार में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यहां कुल 215 शिकायतें आईं। इनमें से केवल पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सबसे ज्यादा 113 शिकायतें राजस्व विभाग की आईं। संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, पीडी जेके पांडेय, डीपीआरओ सौम्यशील सिंह, डीएसओ विजय प्रताप सिंह, डीपीओ संजय निगम, सुनील कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम श्रद्धा सिंह, सीओ निघासन सुबोध कुमार जायसवाल, तहसीलदार भीमसेन मौजूद रहे।
92 शिकायतों में सिर्फ नौ निपटीं
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार को तहसील सभागार में एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों की 92 शिकायतें आईं जिसमें नौ का मौके पर त्वरित निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व एवं आपदा विभाग की 59, पुलिस की 15, खाद्य एवं रसद और नगर पालिका की 5-5, ग्राम विकास की तीन, चकबंदी, विद्युत विभाग, नलकूप सहकारिता विभाग, कृषि उत्पादन मंडी समिति की एक-एक सहित कुल 92 शिकायतें आईं जिसमें नौ का निस्तारण किया गया।
56 में सिर्फ तीन शिकायतों का हो सका निस्तारण
पलियाकलां। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम डॉ. अमरेश कुमार की अध्यक्षता में हुआ। इसमें राजस्व विभाग की 39, पुलिस की 10, नगर पालिका और विद्युत विभाग की दो-दो, विकास विभाग, जल निगम व चकबंदी विभाग की एक-एक शिकायतों समेत कुल 56 शिकायतें आईं। इनमें से राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का मौके से निस्तारण किया गया। तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, सीओ संजय नाथ तिवारी, बीईओ रमेश चौधरी, नगर पालिका ईओ महेंद्र कुमार चौधरी मौजूद रहे।
मितौली में एक भी समस्या का नहीं हुआ निस्तारण
मितौली। ब्लॉक सभागार मितौली संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम विधेश की अध्यक्षता में हुआ। मौके पर कुल 22 शिकायतें आई। इसमें किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इसमें राजस्व विभाग की सबसे ज्यादा 18, बिजली व सिंचाई की एक-एक और पुलिस विभाग की दो शिकायतें आईं। भीषण गर्मी में दौड़कर तहसील मुख्यालय आए फरियादी मायूस होकर लौटने को मजबूर हो गए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मोहम्मदी में 12 में से चार शिकायतों का निस्तारण
मोहम्मदी। संपूर्ण समाधान दिवस में 12 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें राजस्व विभाग से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 04 शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। एसडीएम पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस विभाग की चार, विद्युत, विकास विभाग से दो वन विभाग से एक शिकायत दर्ज की गई।
निघासन के तीन दिव्यांगों को मिली ट्राई साइकिल की सौगात
तहसील निघासन के दो पुरुष एवं एक महिला दिव्यांग को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने मिलकर ट्राई साइकिल की सौगात दी। इस दौरान डीएम ने दिव्यांगजनों का माल्यार्पण एवं फल देकर ट्राई साइकिल प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यह ट्राई साइकिल प्रदान की गई है ताकि आने जाने में कोई असुविधा न हो। इस दौरान एसडीएम श्रद्धा सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी वीरपाल मौजूद रहे।