लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी 10 जून तक बाढ़ व कटान से बचाव के कार्य जिले में अफसर पूरे नहीं करवा पाए। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि 70 फीसदी काम हो चुका है, लेकिन मौके पर 30 फीसदी से ज्यादा काम अधूरा दिख रहा है। ऐसे में इस बार फिर से तबाही का दंश लोगों को झेलना पड़ सकता है।
पलियाकलां में क्षेत्रवासी शारदा नदी की वजह से हर साल बाढ़ और कटान की मार झेलते हैं। इससे राहत देने के लिए शारदा नदी के ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन के कार्य को शासन ने मंजूरी दी थी। 22 करोड़ रुपये की लागत से सात किलो मीटर तक चैनेलाइजेशन कार्य कराया जा रहा है। पलिया से संपूर्णानगर की ओर से पांच किलोमीटर, जबकि पलिया से भीरा की ओर से दो किलो मीटर का काम होना है। अगर काम समय से और गुणवत्ता में पूर्ण हो जाता तो इलाके को बाढ़ से मुक्ति मिल सकती है, लेकिन ऐसा होने की उम्मीद दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रही।
-
जांच अफसरों को नहीं दी कार्य योजना
-चैनलाइजेशन के कार्यों में लापरवाही और मनमानी की लगातार शिकायतें हो रही हैं। इस पर जिला प्रशासन ने जांच के लिए टीम गठित की थी। सूत्रों ने बताया कि जब टीम जांच करने पहुंची और बाढ़ खंड के अधिकारियों से कार्ययोजना मांगी तो वह उपलब्ध नहीं करा सके। जांच अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इस दौरान जो उन्होंने मौके पर देखा, उसकी रिपोर्ट तैयार की। एक जांच अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मौके पर महज 50 प्रतिशत ही काम हो सका है।
चार दिन में काम पूरा करना चुनौती
-जिले में बाढ़ से बचाव के लिए कराए जा रहे कार्यों को देखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आए थे। उन्होंने 10 जून तक काम पूरा कराने का आदेश दिए थे, जो गुजर चुकी है। वैसे यह काम लिखा-पढ़ी में 16 जून तक पूरा कराना है, जिसमें भी महज चार दिन बचे हैं। अब इन चंद दिनों में काम पूरा चुनौती से कम नहीं है।
कमिश्नर भी कर चुकीं निरीक्षण
कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने मंगलवार को बाढ़ से राहत दिलाने से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा था कि चैनेलाइजेशन कार्य जिले में पहली बार 250 मीटर चौड़ाई में कराया जा रहा है। इससे न केवल नदी का जल प्रवाह बेहतर होगा, बल्कि किसानों को बाढ़ एवं जलभराव से भी राहत मिलेगी। इसमें गुणवत्ता का ध्यान रखें, लेकिन विभागीय सूत्रों ने बताया कि 250 मीटर चौड़ाई में भी अफसरों ने खेल कर दिया। यह काम भी मानक में नहीं है।
-
तेजी से कराया जा रहा है कार्य : अधिशासी अभियंता
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अजय श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने दावा किया कि काम 70 प्रतिशत पूरा हो गया है। बाकी काम भी तेजी से कराया जा रहा है, जो समय रहते काम पूरा करा लिया जाएगा। इस दौरान जब उनसे जांच अधिकारियों को कार्य योजना रिपोर्ट न देने की बात पूछी गई तो उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। बोले कि इसके बारे में जांच अधिकारियों से ही पूछो।