गांव फुलवरिया में रेस्क्यू गर्ल नजरून निशा से वार्ता करते राज्यमंत्री। स्रोत : सोशल मीडिया
पलियाकलां। तहसील क्षेत्र के ग्राम फुलवरिया की युवा प्रतिभा नजरून निशा की बहादुरी और जीव दया पर उन्हें सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य व राज्य मंत्री सत्येंद्र बारी ने उनके आवास पहुंचकर अंगवस्त्र ओढ़ाया।
राज्यमंत्री ने कहा कि कम उम्र में जहरीले सांपों और मगरमच्छ जैसे खतरनाक वन्यजीवों को बचाना साहसिक और सराहनीय कार्य है। भाजपा नेता रवि गुप्ता ने बताया कि नजरून अब तक सैकड़ों जहरीले सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ चुकी हैं और वन्यजीव संरक्षण में अहम भूमिका निभा रही हैं।
राज्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर मंच दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं घोषणा की गई कि 15 अगस्त को ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में उन्हें ‘पलिया रत्न’ से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर उनके परिवार, दुधवा फाउंडेशन के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद