मौसम सुहाना होने पर शहर की सड़कों पर गुजरते लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिले में देर रात हुई हल्की बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद मौसम के इस बदलाव से लोगों के चेहरे खिल उठे।
बुधवार देर रात हुई बारिश ने जिलेवासियों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री, जबकि न्यूनतम पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीते 24 घंटे में 1.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। सुबह से ही मौसम सुहाना होने के कारण लोग घरों से बाहर निकले और बाजारों व पार्कों में अच्छी चहल-पहल देखने को मिली।
हालांकि कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई, लेकिन अधिकांश लोगों ने बारिश को राहत भरी बताया। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। सुहावने मौसम ने फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत पहुंचाई है।