सदर उपनिबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री कराने के लिए खड़े लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। मार्च क्लोजिंग के चलते रविवार को जनपद के सातों रजिस्ट्री कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खोले गए। अधिकारी व कर्मचारी भी पूरे समय मौजूद रहे। इसके बावजूद रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या बेहद कम रही।
पूरे जिले में सातों तहसीलों को मिलाकर दिनभर में मात्र 34 बैनामे ही हो सके, जिससे 34.30 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। गोला तहसील में सबसे अधिक 16 बैनामे हुए, जबकि सदर तहसील के उप निबंधक कार्यालय और मोहम्मदी के उपनिबंधक कार्यालय में सात-सात बैनामे दर्ज किए गए। निघासन में एक, पलिया में दो और धौरहरा में एक बैनामा हुआ, जबकि सामान्य दिनों में जिले में रोजाना 200 से अधिक बैनामे होते हैं।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन (एआईजी स्टांप) अमिताभ कुमार ने बताया कि सामान्य कार्य दिवस की तरह रविवार को भी कार्यालय खोले गए थे और सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक विलेख पंजीकरण का कार्य कराया गया।