बुवाई के लिए संकर धान बीजों की ब्लाकों पर बिक्री शुरू
खरीफ सीजन में धान बुवाई का समय शुरू हो गया हैै। संकर बीजों पर अनुदान डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के तहत आरटीजीएस से सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा। इस व्यवस्था में किसान किसी भी कंपनी का भारत सरकार से नोटीफाइड संकर बीज क्रय करने के लिए स्वतंत्र होगा। कृषि विभाग ने इच्छुक किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया है, जो 20 मई तक होगा।
पारदर्शी किसान योजना के तहत जिन किसानों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वह टोलफ्री नंबर 18002001050 पर अॅानलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा ब्लाक पर कृषि विभाग के कर्मचारियों अथवा उप कृषि निदेशक लखीमपुर के कार्यालय में बैंक पासबुक, खसरा/खतौनी के साथ संपर्क कर पंजीकरण कराया जा सकता है। पारदर्शी किसान योजना के तहत पूर्व में पंजीकृत समस्त किसान इस योजना का लाभ पाने के लिए स्वत: पात्र माने जाएंगे। जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि 30 जून 2016 तक समस्त ब्लाकों में कंपनियों द्वारा स्टाल लगाकर पूर्ण मूल्य पर संकर बीजों का वितरण कराया जा रहा है। इसके बाद किसानों को विभाग से सब्सिडी भेजी जाएगी। अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र के लिए संकर बीज क्रय करने पर अनुदान दिया जाएगा। बीज खरीदने वाले किसानों को निर्धारित प्रारूप के साथ अपना कैश मेमो संलग्न कर ब्लाक स्तर पर ही अधिकृत कृषि विभाग के कर्मचारी के पास अनुदान धनराशि प्राप्त करने हेतु जमा कर देगा। प्रारूप प्राप्त करने पर हस्ताक्षर करते हुए कर्मचारी काउंटर फाइल किसान को उपलब्ध करा देगा। प्रारूप पर किसान के बैंक/शाखा का नाम, आईएफएससी कोड नंबर और बचत खाता संख्या अंकित रहेगा।
--
ढैंचा बीज पर मिलेगा 50 फीसदी अनुदान
मृृदा स्वास्थ्य प्रबंधन कार्यक्रम के तहत खेतों में हरी खाद की बुवाई के लिए किसानों को ढैंचा बीज वितरित किया जाएगा, जिसमें एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में बुवाई करने पर 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि 3600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से ढैंचा बीज वितरित किया जाएगा। इसके बाद किसानों को डीबीटी के माध्यम से 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा।