जिला कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों के रोजगार सृजन के लिए प्रशासन के निर्देशन में नगर पालिका पेपर रिसाइक्लिंग का प्लांट लगवाने जा रही है। इस प्लांट पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नगर पालिका ने प्लांट लगाने के लिए स्वीकृत दे दी है। कारागार में यह प्लांट महिला बंदियों के बैरक के पास ही लगवाया जा रहा है। इसके लिए कारागार में लगभग पूरी तैयारी कर ली गई है और छोटी-बड़ी तमाम मशीनों को भी मंगा लिया गया है।
जेल अधिकारियों के मुताबिक कारागार में रिसाइक्लिंग प्लांट करीब तीन हजार वर्ग फुट में लगाया जाएगा। जिसमें कच्चे माल के रूप में कपड़े की कतरन आदि का इस्तेमाल किया जाएगा। कच्चे माल की उपलब्धता के लिए भी प्रयास शुरू कर दिया गया है। वहीं ईओ नगर पालिका अवनींद्र कुमार ने बताया कि महिला बंदियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कारागार में महिला बैरक के पास रिसाइक्लिंग प्लांट की स्थापना की जा रही है।
शुरुआत में इस प्लांट से महिला बंदियों को ही जोड़ा जाएगा, लेकिन भविष्य में पुरुष बंदियों को भी इससे जोड़ा जा सकता है। इससे तैयार होने वाली फाइल कवर का सरकारी कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी रिसाइक्लिंग प्लांट को पूरी तरह तैयार होने में एक से डेढ़ महीने का समय लगेगा। जिसके बाद प्लांट की ओपनिंग की जाएगी।