देखी तमाम दुर्लभ प्रजातियां, यूपी बर्ड फेस्टिवल में शिरकत कर आया दल
यूपी बर्ड फेस्टिवल 2016 में शिरकत कर विदेशी पक्षी विशेषज्ञों का दल मंगलवार दुधवा पहुंच गया। 24 सदस्यीय यह दल आते ही दुधवा के अलग-अलग हिस्सों में जाकर दुर्लभ प्रजाति के पक्षियों के दीदार में जुट गया और कई दुर्लभ प्रजातियों को देखा। इस पक्षी विशेषज्ञ दल के आने से दुधवा पार्क प्रशासन काफी खुश है।
आगरा में चल रहे यूपी बर्ड फेस्टिवल में शिरकत कर विदेशी पक्षी विशेषज्ञों का दल मंगलवार को दुधवा पहुंचा। इन पक्षी विशेषज्ञों को वन निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई पांच गाड़ियों के जरिये जंगल भ्रमण कराया गया। अलग-अलग पांच गाड़ियों से इस दल को सठियाना, सलूकापुर आदि जगहों के वेटलैंड ले जाया गया। सबसे ज्यादा पक्षी बांके ताल के आस पास नजर आए हैं। इस दौरान नजर आने वाले पक्षियों के बारे में भी यह दल अपने नजरिए से लेख लिखेगा। साथ ही तस्वीरों को सोशल नेटवर्किंग साइट्स के जरिये सार्वजनिक भी किया जाएगा।
दुधवा में नहीं एक प्राइवेट रिसॉर्ट में ठहरा दल
विदेश पक्षी विशेषज्ञों का स्टे दुधवा में होना था, लेकिन पता नहीं कैसे वह एक प्राईवेट रिसॉर्ट में पहुंच गए और ठहरे जबकि यहां उनके दुधवा में ठहरने की तैयारियां चल रहीं थीं और काफी कुछ किया गया था। दल को सोमवार को यहां आना था, लेकिन दल नहीं पहुंचा और बाद में पता चला कि उनको कुछ लोग एक प्राइवेट रिसॉर्ट में लेकर चले गए हैं। इस दौरान भी आर्गनाइजर ग्रुप के अलावा बाहरी लोग पक्षी विशेषज्ञों के आसपास दिखाई दिए।
यूपी बर्ड फेस्टिवल की अगले वर्ष दुधवा कर सकता है मेजबानी
यूपी बर्ड फेस्टिवल 2016 आगरा में आयोजित हुआ था, जो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पहल पर है। माना जा रहा है कि अगले फेस्टिवल की मेजबानी दुधवा को मिल सकती है। अगर ऐसा हुआ तो दुधवा को नया कीर्तिमान मिलेगा
यह कार्यक्रम अपने आप में काफी अहमियत रखता है। इस बार बर्ड फेस्टिवल आगरा में आयोजित किया गया था। उम्मीद है कि अगला कार्यक्रम दुधवा में हो। फिलहाल बर्ड फेस्टिवल के तहत ही 24 विदेशी पक्षी विशेषज्ञों का दल दुधवा आ चुका है। जो यहां आठ दिसंबर तक रहेगा। इस दौरान उन्हें दुर्लभ पक्षियों के दीदार कराए जाएंगे। यह अपने आप में अनूठा प्रोग्राम है, जिसके बाद दुधवा को यहां के पक्षियों के नाम से भी नयी पहचान मिल सकेगी।
- महावीर कौजलगि, डिप्टी डायरेक्टर, दुधवा नेशनल पार्क