लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक मानसिक मंदित 11 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई है। घटना की जानकारी होने पर बालिका के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बालिका बोलने और सुनने में सक्षम नहीं है।
परिजनों ने बताया कि बालिका रविवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे बुला ले गया। दुष्कर्म के बाद युवक भाग गया। घटना के बाद परिजनों को बालिका ने इशारे में पूरा घटनाक्रम बताया। इस पर परिजन कोतवाली पहुंचे, जहां पर उन्होंने घटना के बाबत जानकारी देते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। बताया जाता है कि कुछ ही देर के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है।
पीड़ित बालिका से बात करने के लिए बुलाए गए विशेषज्ञ
कुछ भी बोलने और सुनने में अक्षम 11 वर्षीय बालिका से घटना के बाबत काफी देर तक पुलिस और परिजन पूछते रहे, लेकिन वह किसी की बातों को समझ नहीं पा रही थी। कोतवाली पुलिस ने विशेषज्ञ बुलाकर उससे बात करने की कोशिश शुरू की है। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि बालिका की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्ची से बात करने के लिए विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। बच्ची का मेडिकल भी कराया जा रहा है।