लखीमपुर खीरी। रक्षाबंधन पर इस बार बहनें सिर्फ भाइयों के साथ भाभियों के लिए भी आईं पेयर वाली राखियां खरीद रही हैं। इसी नाम से यह राखियां बाजार में उपलब्ध हैं। भाभियों के लिए लुंबा राखियों में झुमके और फूल की आकृतियों वाली राखियों की भी खूब मांग है।
त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक छा गई है। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक यह पर्व राखियों की चमक से और भी खास हो रहा है। शहर के फुटपाथ और दुकानें रंग-बिरंगी राखियों से सज गए हैं, जो हर किसी का मन मोह रही हैं। इस बार लेडीज कड़े वाली और डायमंड राखियां लोगों को खूब लुभा रही हैं। लुंबा राखियों की मांग भी बाजार में जोरों पर है। लाइट वाली स्पिनर, घड़ी वाले पट्टे और कार्टून करेक्टर वाली राखियां भी बच्चों को खूब लुभा रहीं हैं। दुकानदार संतोष शाह और नितिन बताते हैं कि ये राखियां ग्राहकों के बीच खासी लोकप्रिय हैं।
कॉमर्स वेबसाइट पर लोकप्रिय राखियां भी इस बार बाजार में अपनी खास जगह बना रही हैं। खास बात यह है कि ये राखियां दुकानों पर ऑनलाइन से भी कम दामों पर उपलब्ध हैं, जिसके चलते इनकी मांग में जबरदस्त इजाफा देखने को मिल रहा है। ग्राहक इन राखियों को न केवल उनकी खूबसूरती के लिए, बल्कि किफायती कीमतों के लिए भी पसंद कर रहे हैं।
हैंड मेड राखियों की भी मांग
-बाजार में हैंडमेड राखियां भी किफायती दामों पर उपलब्ध हैं। यह भी लोगों की पसंद बन रही हैं। ये राखियां न केवल सुंदर हैं, बल्कि कारीगरी का अनूठा नमूना भी पेश करती हैं। यह राखियां सुंदर ढंग से किफायती दामों में तैयार की गई हैं।
ये हैं दाम
- भैया-भाभी पेयर-80 से 500 रुपये तक
- लुंबा राखी-30 से 150 रुपये तक
- एडी डायमंड राखियां- 200 से 500 रुपये तक
- हैंड मेड राखियां - 10 से 50 रुपये तक
-घड़ी वाला पट्टा - 60 रुपये
- कार्टून राखियां - 60 रुपये
- लाइट वाली स्पेनर- 60 से 250 रुपये तक
- लेडीज कड़ा राखी- 60 से 400 रुपये तक
भईया भाभी पेयर राखियां। संवाद
भईया भाभी पेयर राखियां। संवाद