धनतरेस पर बाजार में जमकर धन की वर्षा हुई। महंगाई के बावजूद खरीदारों का उत्साह कम नहीं हुआ। सोने-चांदी के भाव कम होने के कारण इस बार लोगों ने जमकर सोने चांदी के जेवरात, चांदी के बर्तन और सिक्के खरीदे। इस बार सोने चांदी की अपेक्षा बर्तनों की चमक फीकी रही। गणेश, लक्ष्मी और कुबेर की मूर्तियों के दाम पिछले साल की अपेक्षा करीब 50 फीसदी ज्यादा रहे। छोटी मूर्तियां भी 50 रुपये से कम में नहीं बिकीं। मूर्तियों का अधिकतम मूल्य 5000 रुपये तक रहा।
धनतेरस का बाजार सोने चांदी और मिट्टी की मूर्तियों के साथ-साथ घरेलू सजावट का सामान मूर्तियों के रंग बिरंगे कपड़ों, हार और अन्य सजावटी सामान से पटा पड़ा था। मिट्टी के दीयों, मोमबत्तियों की भी जमकर बिक्री हुई। रंग-बिरंगी बिजली की झालरें भी खूब बिकीं। सोमवार को पूरे दिन बाजार में खासी रौनक रही।
उधर शहर के ऑटो बाजार में भी काफी रौनक रही। लोगों ने धनतेरस के लिए पहले ही दोपहिया और चौपहिया वाहनों की बुकिंग करा ली थी। धनतेरस के दिन गाड़ियों की डिलीवरी लेने के लिए शोरूम्स पर भीड़ उमड़ पड़ी। इस बार लखीमपुर में वाहनों की अच्छी बिक्री होने की सूचना है।
सोने, चांदी और बरतनों की दुकानों को धनतेरस के मौके पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सर्राफे की दुकानों की रंग-बिरंगी बिजली की झालरों और सुगंधित फूलों की लड़ियों से सजावट की गई है। पूरा बाजार दूल्हन की तरह सजा नजर आ रहा था। खील और शकर के खिलौनों से भी बाजार पटा रहा। इनकी भी खूब बिक्री हुई।
धनतेरस को लेकर बाजार में भारी भीड़ रही। भीड़ का यह आलम था कि बर्तन बाजार में तिल रखने की जगह तक न थी। मेन रोड पर पूरे दिन काफी भीड़ रही। भीड़ के चलते शहर की सड़कों पर कई-कई बार जाम लगा। इससे लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी। बाजार में भीड़ के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। ट्रेफिक व्यवस्था भी पूरी तरह लचर नजर आई।
गोला गोकर्णनाथ। धनतेरस पर नगर में खासी भीड़ रही। लोगों ने सुख समृद्धि के इस पर्व पर जमकर खरीदारी की है, जिससे नगर का बाजार देर रात तक गुलजार रहा।
धनतेरस पर लोगों ने परंपरा के अनुरूप मां लक्ष्मी, श्रीगणेश की प्रतिमाएं, ज्वैलरी, बर्तन, कपड़े, विद्युत उपकरण, झालरों सहित घरेलू सामान की खरीदारी की। धनतेरस पर सुबह से देर रात तक बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा।
ममरी। धनतेरस पर लोगों ने कसबा ममरी, महशपुर,, रोशननगर, अजान आदि स्थानों पर लगी बर्तनों ज्वैलरी की दुकानों पर गहनों, बर्तनों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, चांदी के सिक्कों आदि की जमकर खरीदारी की। लोगों ने भगवान धनवंतरि का पूजन भी किया। इस मौके पर तमाम लोगों ने वाहनों की खरीदारी भी की।
पलियाकलां। इलाके में धनतेरस परंपरागत ढंग से मनाई गई। इस पर लोगों ने बर्तन, जेवर, बाइक, फोन आदि खरीदे। इसके चलते बाजार में काफी भीड़ भाड़ रही। चंदनचौकी, गौरीफंटा, संपूर्णानगर, महंगापुर, भीरा, गदनियां में भी लोगों ने धनतेरस पर खरीदारी की।
मझगईं। घरों में पूजन अर्चन हुआ और लोगों ने खरीदारी की। दुकानदार राहुल मिश्रा ने बताया कि गन्ना भुगतान न होने के कारण खरीदारी में गिरावट दर्ज की गई है।
बांकेगंज। धनतेरस के मौके पर बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर लोगों ने जमकर खरीदारी की।
मैलानी। धनतेरस पर यहां बाजार में खूब भीड़भाड़ रही। दोपहर तक तो ग्राहक कम रहे, लेकिन बाग में एकदम से भीड़ बढ़ गई और फिर रात दस बजे तक बाजार ग्राहकों से पूरी तरह गुलजार रहा। शाम को धनवंतरि की पूजा की गई।