लखीमपुर खीरी। सोमवार दोपहर बाद महज दो घंटे हुई तेज बारिश ने एक बार फिर नगर पालिका के जल निकासी के दावों की धुलाई कर दी। ठीक से सफाई न होने के कारण नालों और नालियों से पानी निकल नहीं पाया। इससे सरकारी कार्यालय, घरों, बाजार, मुख्य सड़क व खुद नगर पालिका परिसर में जलभराव हो गया।
स्थिति ये थी सड़कों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। कई जगहों पर तो पानी इतना भर गया कि पैदल चलना भी चुनौती था। करीब दो बजश्से बारिश शुरू हुई थी, जो शाम चार बजे रुकी। इस बीच रोडवेज मार्ग, तहसील परिसर सहित शहर की मुख्य सड़कों पर जलभराव हो गया।
नालियों के जाम होने के कारण पानी तेजी से निकल नहीं पाया, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश की वजह से न सिर्फ शहर की मुख्य सड़कें, बल्कि हाथीपुर, नई बस्ती, गंगोत्री नगर, शिव कॉलोनी आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया। गंदा पानी लोगों के घरों में भी भर गया।
बारिश के दौरान जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। दोपहिया वाहन चालकों को कीचड़ और फिसलन से बचते-बचाते निकलना पड़ा। नगर पालिका के दावे इस बारिश में धुल गए, जबकि मानसून अभी बाकी है।
दुकानों में रखा सामान हो गया खराब
अतिक्रमण व सफाई न होने के कारण मुख्य नाला चोक है। इससे दाल मंडी, गल्ला मंडी, मिर्च बाजार में जलभराव हो गया। बाजार के प्रकाश गुप्ता, कमल गुप्ता, विजय गुप्ता, संदीप नाग, लक्ष्मी, पप्पू, जितेंद्र, डालमियां, श्रीकृष्ण, मदन गोपाल, अनूप, दया नंद अग्रवाल, उमेश गुप्ता, लीथू गुप्ता आदि व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में पानी भर गया। इससे उन्हें लाखों का नुकसान हो गया।
व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। बारिश भले ही राहत लेकर आई हो, लेकिन शहर में जलभराव ने साफ कर दिया कि प्रशासन को अब भी तैयारी पुख्ता करनी होगी।
गल्ला मंडी में हुआ जलभराव, दुकानों में भरा पानी। संवाद
गल्ला मंडी में हुआ जलभराव, दुकानों में भरा पानी। संवाद
गल्ला मंडी में हुआ जलभराव, दुकानों में भरा पानी। संवाद