लखीमपुर खीरी। सीतापुर लखीमपुर इलेक्ट्रिक रेलखंड का स्पीड ट्रायल बुधवार यानी आज होगा। इसके लिए रेलवे से लेकर विद्युतीकरण का कार्य कराने वाली संस्था के लोगों ने मंगलवार को स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मंडल परिचालन प्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक से रेलवे लाइन का मानचित्र देखा और सुरक्षा को लेकर सवाल जवाब किए। उधर, कार्यदायी संस्था के परियोजना निदेशक ने रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया।
पूर्वोत्तर रेलवे की मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिल्पी कनौजिया मंगलवार दोपहर करीब दो बजे लखीमपुर स्टेशन पहुंची। उन्होंने प्लेटफॉर्म आदि का निरीक्षण कर स्टेशन अधीक्षक ब्रजलाल से सुरक्षा संबंधी जानकारियों के बारे में भी मालुमात की। उधर, रेल विकास निगम के परियोजना निदेशक दिनेश चंद्र पांडेय ने टॉवर वैगन से सीतापुर लखीमपुर विद्युतीकरण खंड का निरीक्षण किया। इस दौरान निश्चल श्रीवास्तव, हीरालाल, जगन्नाथ मिश्रा आदि मौजूद रहे।
इलेक्ट्रिक रेल लाइन का सीआरएस ट्रायल आज
पूर्वोत्तर रेलवे के जन संपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि बुधवार को सीतापुर लखीमपुर खंड पर रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर परिमंडल मोहम्मद लतीफ खान का निरीक्षण कर स्पेशल ट्रेन से स्पीड ट्रायल करेंगे। निरीक्षण टीम में मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री सहित मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहेंगे।
मैलानी बहराइच और मैलानी लखनऊ के बीच ट्रेन चलाने की तैयारी
स्टेशन डायरेक्टर लखनऊ गिरीश सिंह ने स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान छिटपुट कमियों को देखकर नाराजगी जाहिर कि और अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिए। डायरेक्टर ने बताया कि मैलानी बहराइच और ब्रॉडगेज के मैलानी लखनऊ के बीच ट्रेन चलाने की तैयारियां चल रही हैं।
स्टेशन डायरेक्टर गिरीश सिंह दोपहर में अपनी टीम के साथ स्पेशल पॉवर इंजन से यहां पहुंचे। उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण कर साफ - सफाई का जायजा लिया। उन्होंने पैनल, रनिंग रूम का मुआयना करने के साथ ही सिग्नल आदि को देखकर कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मीटर गेज के मैलानी बहराइच और ब्रॉडगेज के मैलानी लखनऊ के बीच ट्रेन चलाने की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है।