मैलानी-तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)। करीब 126 साल 11 महीने पांच दिन के बाद रविवार का दिन ऐसा रहा कि न तो मीटरगेज स्टेशनों पर चहल पहल दिखी और न ही ट्रेन की सीटी ही सुनाई दी। मैलानी से लेकर पलिया और तिकुनियां स्टेशन पर रेलवे कार्यालय भी बंद रहे। लोगों के चेहरों पर ट्रेनों के बंद होने का गम साफ दिख रहा था। स्टेशन पर जो मौजूद थे वह स्टेशन और रेलवे बिल्डिंग को निहार कर रहे थे। अब उनकी जुबान पर सिर्फ एक ही बात थी कि अब सस्ते और सुहाने सफर का दौर गया। वहीं दायर याचिका को लेकर न्यायालय ने रेलवे से दस्तावेज तलब किए हैं।
मैलानी स्टेशन पर बहराइच रूट पर जाने वाले प्लेटफार्म की रौनक गायब थी। वहां पर एकाध लोग ही टहल रहे थे। कुछ लोग ऐसे भी आए जिन्हें ट्रेनों का संचालन बंद होने की जानकारी नहीं थी, लेकिन जब उन्हें यह जानकारी हुई तो वे मायूस हो गए। भले ही रेलवे ने ट्रेन संचालन बंद कर दिया हो, लेकिन इसको लेकर कोर्ट में दायर याचिका से लोगों को अब भी एक उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। जंक्शन पर मीटर गेज की ट्रेन और इंजन बंद खड़े थे, जिन्हें लोग निहार रहे थे।
तिकुनियां। तराई विकास संस्था के महामंत्री सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि रेल संचालन को लेकर कोर्ट में पैरवी जारी है। 14 फरवरी को हमारे अधिवक्ता रवि शंकर तिवारी ने सप्लीमेंट्री दाखिल करके न्यायालय को अवगत कराया था कि रेलवे द्वारा वैकल्पिक मार्ग के लिए बेलरायां से पलिया का सर्वे किया गया, लेकिन अब तक निर्माण नहीं शुरू हुआ। कोर्ट को बताया कि रेलवे ने मैलानी, गोला लखीमपुर, सीतापुर, बिसवां, गोंडा का जो वैकल्पिक मार्ग न्यायालय के समक्ष पेश किया है वह मैलानी, नानपारा रेल खंड से करीब 100 किलोमीटर दूर है। इससे मैलानी-नानपारा रेल खंड के स्टेशनों से जुड़े लोगों को लाभ नहीं मिलने वाला। सत्यप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि अधिवक्ता की दलील पर न्यायालय ने रेलवे बोर्ड से ब्रॉडगेज के बाबत जानकारी तलब करते हुए 17 फरवरी को सभी पक्षों को उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। तिकुनियां निवासी और प्रसपा नेता राजीव गुप्ता का कहना है ट्रेन संचालन बंद होने से लोगों को डग्गामार वाहनों में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ेगा। क्षेत्र वासियों को सुविधा जनक यात्रा का लाभ दिलाने के लिए हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई जारी रहेगी।
ट्रेन बंद होने से बढ़ी लोगों की मुश्किल
मैलानी नानपारा रूट पर रेल संचालन बंद होने से स्टेशन पर सन्नाटा छाया रहा। तो वहीं बिछिया, मिहींपुरवा, नानपारा, बहराइच और पलिया, मैलानी जाने के लोग परेशान रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, दैनिक कर्मचारी, मजदूर आदि को हुई। स्टेशन अधीक्षक एमके तनेजा ने बताया की अग्रिम आदेशों तक स्टाफ स्टेशन पर ही रहेगा। स्टेशन गेट पर जूता चप्पल बनाने वाले महादेव, कन्हैया, रामू बताते हैं कि ट्रेनों के बंद होने से रोटी रोटी प्रभावित होगी। बचपन से यहीं पर दुकान करते आ रहे हैं। इतना कमा लेते थे कि आराम से रोटी से व्यवस्था हो जाती थी, लेकिन जब यात्री नहीं आएंगे तो कमाई कहां से होगी।