सांसद अजय मिश्र टेनी ने कहा कि मैलानी से बहराइच तक बड़ी लाइन बिछने का रास्ता साफ हो गया है। पर्यावरण मंत्री से एनओसी मिलने के बाद इस पर जल्दी ही काम शुरू हो जाएगा। लोकसभा में एक दर्जन क्षेत्रीय मुद्दे सांसद ने उठाए। यह जानकारी सांसद ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि मैंने किसानों के हित में कानून पास करने की मांग भी लोकसभा में उठाई है। उन्होंने बताया कि जिले के 15 ब्लाकों में स्टेडियम बनने के लिए पैसा स्वीकृत हो गया है। स्टेडियम बनने का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा।
सांसद अजय मिश्र टेनी ने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र में रेल लाइन निकलने के कारण पर्यावरण विभाग ने बड़ी लाइन मंजूर होने के बाद भी रोक लगा दी थी। अजय मिश्र टेनी ने पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर से मिलकर पर्यावरण की एनओसी देने की मांग की है। उनकी मांग पर मंत्री ने शीघ्र ही एनओसी देने का आश्वासन दिया है। पर्यावरण विभाग से एनओसी मिलने के बाद जल्दी ही बड़ी रेल लाइन का कार्य शुरू कराया जाएगा।
सांसद ने आम, सेब, नारियल आदि फलों का बीमा करने की मांग की। उन्होंने फसल मुआवजा के अलावा फसल का नुकसान प्रति बीघा फसल पैदावार के अनुसार किसानों को देने, फसल बर्बाद होने पर खाद और बीज के लिए गए कर्ज को माफ करने तथा ठेके पर बोई गई फसल का मुआवजा खेत मालिक के स्थान पर फसल बोने वाले को देने संबंधी कानून लागू करने की मांग की।
इंडो नेपाल बार्डर पर मोहाना नदी पर बन रही ठोकरों में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि ठोकरों का निर्माण शीघ्र हो जाता तो तिकुनिया का गांव उमेशनगर नहीं कटता। इस दौरान नागेंद्र सिंह सेंगर, रतीराम लोधी, संगम लाल मिश्रा, केके तिवारी, केपी राना, बनवारी लाल यादव, राजू कटियार आदि लोग मौजूद रहे।