अनाज, कपड़े लाखों का सामान जला
घटना के बाद से ग्रामीण भयभीत
आंधी-पानी के बीच ग्राम पंचायत बेलापरसुआ के गांव रघुनगर निवासी त्रिलोचन सिंह के घर पर बिजली गिर गई। जिससे लगी आग से घर में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्राम रघुनगर निवासी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि शनिवार की रात आंधी और बारिश के बीच आसमान में बिजली कड़क रही थी। रात करीब 11 बजे बिजली कड़कने से परिवार के लोग डर गए और घर से निकलकर पड़ोस के घर में बैठ गए। कुछ देर बाद तेज आवाज के साथ बिजली उनके घर पर गिर गई जिससे घर में आग गई। कोई भी घर के अंदर जाकर सामान बचाने का साहस नहीं जुटा सका। जब बारिश और बिजली कड़कना बंद हो गई तब वे लोग घर पर पहुंचे। गृहस्वामी ने बताया कि इस अग्निकांड में 15 क्विंटल गेहूं, सात क्विंटल मसूर, कपड़ा, बिस्तर, चारपाई समेत घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
एसडीएम निघासन लव कुमार सिंह का कहना है कि बिजली गिरने से आग लगने का मामला संज्ञान में आया है। लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। पीड़ित को दैवी आपदा कोष से सहायता दी जाएगी।