लखीमपुर खीरी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर माध्यमिक विद्यालयों में 30 अगस्त तक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राओं से किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा संचालित माई जीओवी पोर्टल पर ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। बताया कि डीआईओएस विनोद मिश्रा को इस संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रश्नोत्तरी में बहुविकल्पीय प्रश्नों एमसीक्यू को प्रदर्शित किया जाएगा, जिनमें सही विकल्प को चुनना होगा। क्विज़ में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी 125वीं जयंती प्रश्नोत्तरी की विस्तृत जानकारी माई जीओवी पोर्टल पर उपलब्ध है। संवाद