लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण काल में शासन के आदेश पर जिला कारागार से रिहा किए गए कैदियों में से 12 कैदी पैरोल खत्म होने के बात भी वापस जेल नहीं पहुंचे हैं। इससे जेल प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जेल प्रशासन ने सभी कैदियों के घरों पर नोटिस भेजी है। साथ ही एसपी और संबंधित थाना प्रभारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई को कहा है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शासन के आदेश पर कैदियों और बंदियों से उनके परिवार वालों की मुलाकात पर रोक लगा दी गई थी। वहीं शीर्ष अदालत ने जिला जेल में निरुद्ध लोगों की संख्या कम करने के लिए कुछ विशेष दिशा-निर्देश जारी किए थे। इस पर प्रदेश सरकार ने जिला कारागार के ऐसे कैदियों को आठ हफ्ते की पेरौल पर छोड़ने का आदेश दिया था, जिन्हें सात वर्ष से कम की सजा सुनाई गई थी। जेल प्रशासन ने 32 कैदी चिह्नित कर आठ हफ्ते की पैरोल पर छोड़ दिया था। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बीच-बीच में यह पैरोल आठ-आठ हफ्ते के लिए बढ़ती रही। पैरोल की अवधि पूरी हुए हफ्ते भर से अधिक का समय हो गया है, लेकिन 12 सजायफ्ता ऐसे हैं, जो अब तक वापस जेल नहीं पहुंचे हैं। जेल प्रशासन ने इन कैदियों के घरों पर नोटिस भेजी है और शीघ्र जेल आने के निर्देश दिए हैं।
-----------
इन थाना क्षेत्र के हैं कैदी
जिला जेल के सूत्रों के मुताबिक पैरोल पर छूटे जेल वापस नहीं आए हैं। उनमें अधिकतर कैदी कोतवाली तिकुनियां, मोहम्मदी, गौरीफंटा समेत पांच थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
-----------
पैरोल पूरी होने के बाद अब तक 12 कैदी जेल वापस नहीं आए हैं। इन कैदियों के संबंधित थाना पुलिस से पत्राचार किया किया गया है। साथ ही संबंधित कैदियों को उनके घरों पर नोटिस भेजकर सूचित किया गया है कि न्यायालय के जरिए वापस कारागार आ जाएं।
-आरबी पटेल, जेल अधीक्षक