लखीमपुर खीरी। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अनुज कुमार दीक्षित ने दो लोगों पर गालीगलौज, मारपीट के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी अनुज यहां लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंता हैं। तहरीर के मुताबिक, तुषार श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी की लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनाती होने की बात कहकर ठेकेदारी का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर उनके कुछ परिचितों से उनके माध्यम से 60 हजार रुपये लिए थे।
काम नहीं होने पर अवर अभियंता ने रुपये वापस मांगे। कई बार कहने के बाद रुपये वापस कर दिए गए। आरोप है कि इसके बाद तुषार श्रीवास्तव रंजिश मानने लगा। अवर अभियंता के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:45 बजे तुषार श्रीवास्तव पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अपने मित्र अरुणेश मिश्रा के साथ पुराने एसपी बंगले के पास स्थित उनके कार्यालय पहुंचा।
आरोप है कि दोनों ने गालीगलौज और मारपीट का प्रयास किया। विरोध करने पर सरकारी कार्य में बाधा डाली और उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।
सीओ महक शर्मा ने बताया कि तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।