पंजाबी गायक बी प्राक ने अपने गीतों से समा बांध दिया। उन्होंने गल्ला तेरियां... और 'किसी और का हूं फिलहाल कि तेरा हो जाऊं... समेत कई लोकप्रिय गाने सुनाए। इस दौरान मौजूद युवाओं ने अपने स्थान पर खड़े होकर जमकर डांस किया। सभी ने उनके सुर में सुर मिलाए। गायक बी प्राक के साथ अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी गणेश साहा, सदर विधायक योगेश वर्मा, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने दीप जलाकर किया। इस बीच वहां तमाम अधिकारी और नेता मौजूद रहे।
दुधवा परिसर से शुरू महोत्सव की शुरुआत
इससे पहले दिन में दुधवा नेशनल पार्क से लखीमपुर महोत्सव का शुभारंभ हुआ। यहां आयोजित कार्यक्रमों में कलाकारों ने थारू संस्कृति के रंग बिखेर दिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने दुधवा में सैलानियों को विमान की सेवा के बारे में विस्तार से जानकारियां दीं। दोनों मंत्रियों ने सेवा शुरू हो जाने से सैलानियों की संख्या में इजाफा होने की बात कही।