धनगढ़ी-नेपाल में बंद पड़ा पेट्रोल पंप। स्त्रोत संवाद
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य घटने से पेट्रोल पंप मालिक पेट्रोलियम पदार्थ नहीं ले रहे हैं। घटते-बढ़ते दामों के बीच नेपाल में पेट्रोल पंप बंद चल रहे हैं।
शुक्रवार से नेपाल ऑयल निगम ने डीजल, पेट्रोल और मिट्टी तेल समेत पेट्रोलियम पदार्थों पर तीन रुपये प्रति लीटर मूल्य की कमी कर दी थी। पेट्रोलियम पदार्थ का मूल्य घटने से धनगढ़ी के पेट्रोल पंप मालिकों ने धनगढ़ी स्थित ऑयल डिपो से डीजल पेट्रोल का उठान ही नहीं किया। नेपाल ऑयल निगम प्रादेशिक डिपो के धनगढ़ी प्रमुख मोहन कुमार शाह ने बताया कि रोज की तरह धनगढ़ी के पेट्रोल पंपों पर तेल भेजा गया था लेकिन पेट्रोल पंप मालिकों ने वापस कर दिया। बाजार में तेल का अभाव देखने को मिल रहा है।
कैलाली के सहायक प्रमुख जिलाधिकारी यज्ञराज जोशी ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 15 दिन में ईंधन मूल्य परिवर्तन होता है। नई मूल्य सूची आने का समय 1 व 15 तारीख के आस-पास होता है। जिसके कारण वह तेल खरीद से कतरा रहे हैं। वर्तमान में नेपाल में पेट्रोल 164.50 रुपये नेपाली व 102.81 रुपये भारतीय मुद्रा के हिसाब से है। जबकि डीजल का दाम 154.50 रुपये नेपाली व 96.56 रुपये भारतीय मुद्रा है।