फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चारागाह की जमीन पर बनी दुकानें सील करने का मामला: वकीलों का कोतवाली में प्रदर्शन, एसडीएम के आश्वासन पर माने

विज्ञापन
कोतवाली में पुलिस से वकीलों की होती नोकझोंक। संवाद - फोटो : LAKHIMPUR
विज्ञापन
गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। तहसील गेट के सामने चारागाह की जमीन पर बनी 23 दुकानों को सील करने का मामला सोमवार को विधायक अरविंद गिरि के तहसील पहुंचने और दुकानदारों का पक्ष लेने से गरमा गया था। इसी क्रम में मंगलवार को बार संघ अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा के साथ वकीलों ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया। साढ़े पांच घंटे बाद वकीलों ने एसडीएम अखिलेश यादव के मामले में कार्रवाई के आश्वासन पर धरना खत्म किया।
विज्ञापन

मंगलवार को दोपहर 12 बजे बार संघ अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा के साथ अनेक वकील कोतवाली पहुंचे। गंभीर आरोप लगाते हुए विधायक अरविंद गिरि, पालिका सदस्य हर्ष अवस्थी, शकील आदि पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सीओ रविंद्र कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे को तहरीर दी लेकिन अधिकारियों ने विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। जिस पर नाराज वकील कोतवाली में ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। पुलिस और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बार संघ अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। शाम को 5:15 बजे एसडीम अखिलेश यादव ने जांच करा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तो वकील माने और तहरीर देकर धरना खत्म कर दिया।
पालिका सदस्य हर्ष अवस्थी ने भी दी प्राणघातक हमले की तहरीर
नगर पालिका सदस्य हर्ष अवस्थी ने प्रभारी निरीक्षक को दी तहरीर में कहा है कि 28 दिसंबर को सुबह वह अपने निजी काम से तहसील गए थे। जहां मोहल्ले के लोग अपनी दुकानों के संबंध में ज्ञापन देने गए थे। उन्हीं से बातचीत कर रहे थे। आरोप लगाया कि इस बीच वकील लालबिहारी वर्मा, नरेंद्र शुक्ल अपने तीन चार साथियों के साथ आए और धमकी देने के साथ उनपर हमला भी किया। पालिका सदस्य ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

बार संघ अध्यक्ष ने कहा
बार संघ अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा ने बताया कि कोतवाल कह रहे थे कि विधायक का नाम निकाल दो तो एफआईआर दर्ज कर लेंगे, लेकिन तहरीर से किसी का नाम नहीं हटेगा। एसडीएम के आश्वासन पर धरना खत्म कर दिया है। अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही है। बुधवार को अधिवक्ताओं, बार संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अगला निर्णय किया जाएगा।
विधायक अरविंद गिरि ने कहा
विधायक अरविंद गिरि ने बताया कि 30 वर्षों की सक्रिय राजनीति, 20 वर्षों की विधायकी में अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, अध्यापकों, बुद्धिजीवियों का सदैव सम्मान किया है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि लालबिहारी वर्मा अधिवक्ताओं को बदनाम न करें। जनहित में तहसील प्रशासन को उचित निर्णय लेते हुए जिन लोगों की रोजी रोटी छिनी है, उनको वापस दिलाएं। जो लोग गरीबों की रोजी रोटी छीनने का काम करते हैं, उनके दबाव में काम न करें।
वकीलों ने धरना खत्म कर दिया है। तहरीर ले ली गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश और पूरे मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। -रविंद्र कुमार वर्मा सीओ गोला
पूरा मामला सभी के संज्ञान में है। तहरीर ले ली गई है। समझाने पर वकीलों ने धरना खत्म कर दिया है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। -अखिलेश यादव, एसडीएम गोला
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें