राजस्व न्यायालय के वादों की सुनवाई समाधान दिवस में करने से नाराज वकीलों ने एसडीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वकीलों ने एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार करते हुए दो दिन की हड़ताल करने का ऐलान किया है। मामले का समाधान न होने पर वकीलों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस बाबत अधिवक्ता संघ की हुई बैठक में अध्यक्ष डीके सिंह ने कहा कि एसडीएम की मनमानी के चलते यहां के वकील परेशान हो चुके हैं। वकीलों ने कहा कि अंग्रेज सिंह निवासी खैरीगढ़ का भूमि संबंधी विवाद गांव के ही हरजिंदर सिंह आदि लोगों से था। अंग्रेज सिंह ने एसडीएम कोर्ट में वाद दायर किया। जिस पर एसडीएम ने इस मामले में स्थगन आदेश अंग्रेज सिंह के पक्ष में करते हुए यथास्थिति बनाने का आदेश दिया था। आरोप है कि शनिवार को समाधान दिवस में एसडीएम ने हरजिंदर सिंह के पक्ष में आदेश करते हुए खेत में लगी गन्ने की पूरी फसल जुतवा दी।
संघ के उपाध्यक्ष उमाकांत जायसवाल ने कहा कि कोर्ट के मामले कोर्ट में निपटाने चाहिए। जब एसडीएम अपने ही आदेश का उल्लंघन कर फसल जुतवा रहे हैं तो अन्य के साथ किस तरह का बर्ताव करते होंगे। वकीलों ने एसडीएम की कारगुजारी से तंग आकर दो दिवसीय हड़ताल कर करने का ऐलान किया है।
बैठक के दौरान उमाकांत जायसवाल, लतीफ खान, बृह्मप्रकाश श्रीवास्तव, चंदकेश मिश्रा, विवेक श्रीवास्तव, सर्वेश गुप्ता, मोहम्मद आमीन, ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी, राकेश वैश्य, कमलेश कुमार आदि वकील मौजूद रहे।