फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: समय पर नहीं बने प्रोजेक्ट, अब देना होगा हिसाब

Wed, 01 Jul 2026 11:12 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। करोड़ों रुपये की लागत वाली परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा न कर पाने पर कार्यदायी संस्थाओं को अब जवाब देना होगा। सीएमएसआई पोर्टल पर समीक्षा के दौरान 30 से अधिक परियोजनाएं समयसीमा बीतने के बाद भी अधूरी मिलने पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही निर्माण कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

डीएम ने सीएमएसआई पोर्टल के माध्यम से एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। इसमें सामने आया कि मुख्यमंत्री के समयबद्ध निर्माण के निर्देशों के बावजूद कई परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं। ये परियोजनाएं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में भी शामिल हैं। ऐसे में इनके अधूरे रहने से जिले की रैंकिंग भी प्रभावित हो रही है।
समीक्षा में जिले की 30 से अधिक परियोजनाएं ऐसी मिलीं, जिनकी निर्धारित समयसीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब भी अधूरे हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई।
विज्ञापन

-
इन कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस
राजकीय निर्माण निगम की एक, यूपी सिडको की तीन, यूपीपीसीएल की चार, सीएलडीएफ की दो, सीएलडीएम यूनिट-53 की आठ और पीडब्ल्यूडी की 12 परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो सकीं। इन सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

ये प्रमुख परियोजनाएं अब भी अधूरी
आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के उच्चीकरण का कार्य, जिसकी प्रत्येक परियोजना की लागत तीन करोड़ रुपये से अधिक है। इसे फरवरी 2025 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक अधूरा है। इन कार्यों की कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को पूर्व में भी नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके अलावा चार थानों के भवनों का निर्माण, छाउछ में समाज कल्याण विभाग के करीब तीन करोड़ रुपये लागत वाले छात्रावास का निर्माण, एलआरपी से इंदिरा मनोरंजन वन तक करीब 34 करोड़ रुपये लागत की 10 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण परियोजना, मेडिकल कॉलेज अस्पताल और छोटी काशी कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी तय समयसीमा के बाद अधूरी हैं।

समीक्षा में 30 से अधिक परियोजनाएं समयसीमा समाप्त होने के बाद भी अधूरी मिली हैं। संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अंजनी कुमार सिंह, डीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें