अमौसी स्थित इंडियन ऑयल का डिपो ड्राई होने से जिले में केरोसिन की किल्लत बढ़ गई है। माह दिसंबर में मात्र 35 प्रतिशत मिट्टी के तेल का ही उठान हो पाया है। सर्दी में मिट्टी के तेल की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में आधा तेल भी न मिलने से जिले में मिट्टी के तेल के लिए हाहाकार मचा है।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि जिले में केरोसिन के 17 थोक विक्रेताओं के माध्यम से कुल 2,376 किलोलीटर मिट्टी के तेल का हर माह उठान होता है। पाइप लाइन में तकनीकी दिक्कत आने से अमौसी स्थित इंडियन ऑयल का डिपो पिछले एक माह से ड्राई चल रहा है। थोक विक्रेताओं को वहां से तेल न मिल पाने के कारण कोटेदारों को केरोसिन नहीं मिल पा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि बंथरा डिपो से जो तेल मिल रहा है उसका उठान कराया जा रहा है। अब तक जिले को 2,376 किलोलीटर केरोसिन के सापेक्ष केवल 35 प्रतिशत केरोसिन ही जिले को मिल पाया है। जबकि कोटेदारों ने उठान के लिए अपना पैसा जमा कर रखा है। यह दिक्कत अभी कुछ दिन और बरकरार रह सकती है।