लखीमपुर खीरी। बढ़ते तापमान में नाक से खून आने की समस्या भी बढ़ी है। इस तरह की समस्या से परेशान कई मरीज रोजाना जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। यह समस्या त्वचा में रूखापन और पपड़ी जमने से आ रही है।
जिले का तापमान दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान कई दिनों से 40 डिग्री के पार चल रहा है। ऐसे में जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। इनमें नाक से खून निकलने की समस्या वाले मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ के पास आने वाले मरीजों में नाक से खून की समस्या से परेशान मरीजों का आंकड़ा प्रतिदिन 10 से 15 रहता है।
विशेषज्ञ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि त्वचा में सूखापन आने से यह समस्या हो रही है। सूखने से पपड़ी पड़ जाती है। पपड़ी हटाने में नाक से खून आ जाता है। इस स्थिति में समय से इलाज जरूरी है। सावधानी भी बरतनी चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
नाक की पपड़ी को साफ करने से बचें।
धूप में बाइक चलाते समय नाक पर कपड़ा या मास्क लगाकर रखें।
नाक पर सीधी धूप न लगे, इसका ध्यान रखें।
बहुत जरूरी होने पर ही धूप में बाहर निकलें।