लखीमपुर खीरी। लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद वे कटान प्रभावित ग्राम ग्रांट नंबर 12 पहुंचे और पैदल गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से हालात का फीडबैक लिया।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि खाद्यान्न किट की आपूर्ति का पर्याप्त स्टॉक रखें। बाढ़ चौकियां सक्रिय रहें। एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता बनाए रखें। हर संभावित प्रभावित तहसील का अलग और स्पष्ट प्लान तैयार रहे, ताकि आपदा की घड़ी में राहत पहुंचाने में समय न लगे। निघासन के कटान प्रभावित गांव ग्रांट नंबर 12 में क्षतिग्रस्त गांव जाने वाली सड़क का निरीक्षण किया और नुकसान स्थिति जानी। ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनी।
ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में सरकार साथ खड़ा है। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बाढ़ चौकियां, शरणालय, गोताखोर, राहत व्यवस्था तैयार एनडीआरएफ टीम पलिया में कैंप कर रही हैं, जबकि फ्लड और पुलिस की चार मोटरबोट फील्ड में हैं। इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर क्रियाशील है।
अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड अजय कुमार ने घाघरा, शारदा, मोहाना और सुहेली नदियों की स्थिति बताई। बताया कि इस साल 12 बाढ़रोधी परियोजनाएं शत-प्रतिशत पूरी हो चुकी हैं। बैठक में सुहेली नदी के पुनर्जीवन से जुड़ी लघु फिल्म दिखाई गई। जालिमनगर पुल के गाइड बांध स्थित मंदिर को प्रोटेक्शन वर्क के माध्यम से सुरक्षित किए जाने की जानकारी दी गई।