.हनुमान जयंती पर सजाया जा रहा श्री बालाजी पावन धाम मंदिर पड़रिया तुला। स्रोत : संवाद
बिजुआ। हनुमान जयंती पर पड़रिया तुला में श्री बालाजी पावन धाम से चौसंधे बाबा आश्रम तक निकलने वाली दसवीं पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। लखीमपुर-पलिया हाईवे स्थित इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
करीब दस वर्ष पहले कुछ युवाओं की ओर से शुरू की गई यह पदयात्रा अब क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हो चुकी है। श्री बालाजी पावन धाम कमेटी और स्थानीय व्यापारी इसके आयोजन में जुटे हैं, जबकि जिलेभर से श्रद्धालु सहयोग कर रहे हैं।
यात्रा के दौरान जगह-जगह भंडारे, शीतल जल और शर्बत के प्याऊ लगाए जाएंगे। श्रद्धालु अखंड ज्योति को शीश पर धारण कर चौसंधे आश्रम तक पहुंचाएंगे। यह ज्योति श्री बालाजी पावन धाम से निकलकर श्री ठाकुर जी महाराज मंदिर पहुंचने के बाद पदयात्रा में शामिल होती है। चौसंधे बाबा आश्रम पर प्रमुख श्री ब्रह्मचारी बाबा की ओर से भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
-
हनुमान जयंती पर सुंदरकांड पाठ, भंडारा आयोजित
बांकेगंज। हनुमान जयंती पर कोठीपुर गांव में रवि सिंह अर्कवंशी की ओर से देवी मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने हारमोनियम की धुन पर श्रीरामचरित मानस की चौपाइयों का गायन किया। पाठ के बाद भक्तों ने बालाजी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर विक्रम सिंह, ध्रुव सिंह, हरिश्चंद्र और गुड्डू सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद