लखीमपुर खीरी। शहर के राजापुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में युवाओं को अत्याधुनिक और रोबोटिक ज्ञान मिले, इसके लिए निजी कंपनी ने हाथ बढ़ाया है। लाखों रुपये कीमत से बन रही प्रयोगशाला में जल्द ही युवाओं को छह ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में निपुण होने पर कंपनियां सीधे नौकरी का ऑफर करेंगी। इस खबर से युवाओं में खुशी है। बता दें कि रोजगार के लिए आईटीआई में करीब 14 ट्रेड में युवाओं को दक्ष बनाया जा रहा है। आधुनिकता के इस दौर में अब डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मशीनों की डिमांड बढ़ गई है। ऐसे में युवाओं को तकनीकी और डिजिटल ज्ञान देने के लिए एक प्राइवेट कंपनी ने हाथ बढ़ाया है।
आईटीआई के प्रधानाचार्य यज्ञदेव सिंह ने बताया कि आने वाले कुछ महीनों में ही प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा। डिजिटल प्रयोगशाला बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। बताया कि कंपनी छह ट्रेड में से किसी भी एक ट्रेड में निपुण होने वाले युवाओं को अपने यहां नौकरी के लिए बुलावा पत्र भेजेगी। इन छह ट्रेड में कितनी सीटें होंगी, इसे लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। प्रशिक्षण में उपयोग होने वाली सभी मशीनें कंपनी देगी। फिलहाल रोबोटिक्स प्रशिक्षण मिलने की बात से युवाओं में खुशी देखी जा रही है।
इन छह ट्रेड में मिलेगा युवाओं को प्रशिक्षण
1. इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन
2. मैकेनिकल इलेक्ट्रॉनिक वैकिल
3. मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन
4. बेसिक ऑफ डिजाइनर एंड वर्चुअल वैरीफिकेशन (मैकेनिकल)
5. ऑरस्टिन यूजिंग एंडवास टूल्स
6. एडवांस सीएनसी (मैकेनिकल)