त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की होने वाली मतगणना की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। अधिकारियों ने मतगणनास्थलों का निरीक्षण कर मातहतों को जरूरी निर्देश दिए।
कुंभी (गोला) ब्लाक में दूसरे चरण में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के हुए चुनाव की मतगणना एक नवंबर को होनी है। लखीमपुर रोड स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूमों के समीप 10 कमरों में प्रत्येक न्याय पंचायतवार 10 काउंटर बनाए गए हैं। प्रत्येक काउंटर पर एक क्षेत्र पंचायत और एक जिला पंचायत की मेज लगाई गई है। प्रत्येक टेबल पर सुबह आठ बजे से पांच मतगणना कर्मी मतपत्रों की गिनती करेंगे। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता और सीओ अवनीश्वरचंद श्रीवास्तव ने गोला, बिजुआ और बांकेगंज के मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कल
पलियाकलां। पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला एक नवंबर को होना है और इसके लिए तैयारी तेज कर दी गई है। पलिया में बीडीसी और जिला पंचायत का चुनाव 29 अक्तूबर को संपन्न हुआ है और मतपेटिकाओं को मंडी समिति में रखा गया है। मंडी समिति में काउंटर बनाए जाने हैं। प्रेक्षक राम नरायन सिंह, एसडीएम पीके सिंह, आरओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने मतगणनास्थल का मौका मुआयना किया और जरूरी निर्देश दिए। उधर मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूमों की कड़ी पहरेदारी हो रही है इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा इंचार्ज एसएसआई केएन सिंह ने बताया कि किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी और किसी ने व्यवधान उत्पन्न किया तो उसे नहीं बख्शा जाएगा।
बनेंगे 11 काउंटर : मंडी समिति में गणना न्याय पंचायतवार होगी और इसके लिए 11 काउंटर बनाए जाएंगे। आरओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बीडीसी के लिए 11 टेबल और जिला पंचायत के लिए भी 11 टेबल रहेंगी।
--------------------------
बीडीओ ने जांची तैयारी
बिजुआ। जिला पंचायत इंटर कॉलेज में बनाए जा रहे मतगणना केंद्र की तैयारी का शुक्रवार को बीडीओ अशोक कुमार ने जायजा लिया। बीडीओ ने मतगणना केंद्र पर न्याय पंचायतवार लगी टेबिलों और मतगणना एजेंट की मौजूद रहने के स्थान को बारीकी से देखा। वहीं एसओ बृजराज यादव ने केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लगाई गईं बैरीकेडिंग और बैरियर को देखा। पंचायत चुनाव में वोटों की गिनती जिला पंचायत इंटर कॉलेज में की जानी है। यहीं पर स्ट्रांग रूम भी बना हुआ है। ब्लाक की 11 न्याय पंचायतों को देखते हुए कुल 11 कांउटर क्षेत्र पंचायत के लगाए गए हैं, जबकि जिला पंचायत के पांच वार्ड हैं, इसलिए पांच काउंटरों पर जिला पंचायत की गिनती होनी है।