लखीमपुर-खीरी। श्रम विभाग की ओर से इस्राइल में नौकरी के लिए भेजे जाने वालों में अविवाहितों को प्राथमिकता दी गई है। शासन से जारी 88 लोगों की सूची में 74 अविवाहित हैं। लखनऊ में 29 जनवरी को इन सभी का साक्षात्कार होना है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनितों को नौकरी के लिए इस्राइल भेजा जाएगा।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष त्रिपाठी ने बताया कि जनपद के 278 लोगों ने इस्राइल में नौकरी के लिए आवेदन किया था। वहां की एजेंसी पीआईबीए ने मात्र 88 लोगों की सूची जारी की है। एजेंसी से जारी सूची के आधार पर इन श्रमिकों का विशेष परीक्षण होना है। इसे लेकर शासन से दिशा-निर्देश मिले हैं। पहले तो सभी श्रमिकों का सीएमओ स्तर से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से सत्यापन कराया जाएगा। श्रमिकों को लखनऊ में विशेष टेस्ट के लिए बस से ले जाया जाएगा। इसके लिए एआरटीओ बस की व्यवस्था करेंगे। इस्राइल में राजमिस्त्री, टाइल्स, शटरिंग व जाल बनाने वाले श्रमिकों की मांग है।