पंचायत चुनावों में प्रधान पद के लिए जहां दावेदारों की भारी भीड़ हैं वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए लोगों में गहरी उदासीनता दिखाई पड़ रही है। पंचायत चुनाव के पहले चरण में पसगवां, मोहम्मदी, बेहजम और मितौली में नामांकन की स्थिति पर गौर करने पर यह बात साफ दिखाई दी। प्रधान पद के लिए एक-एक सीट पर उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने का औसत नौ से ज्यादा है। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के लिए पद संख्या से कम लोगों ने नामांकन दाखिल किया है।
पहले चरण में पसगवां, मोहम्मदी, बेहजम और मितौली ब्लाक में ग्राम प्रधान की 388 सीटों के सापेक्ष कुल 3600 नामांकन दाखिल हुए हैं। प्रति ब्लाक इनका औसत नौ से अधिक है। जबकि इन ब्लाकों में ग्राम पंचायत सदस्य पद की 4828 सीटों के सापेक्ष मात्र 4178 लोगों ने ही अपने नामांकन दाखिल किए हैं।
इस तरह पहले चरण में चुनाव के बाद भी 650 पंचायत सदस्यों की सीटें रिक्त रह जाएंगी। इनमें से पसगवां ब्लाक में ही 109 पंचायत सदस्य सीटों पर किसी प्रत्याशी ने अपना नामांकन नहीं कराया है।
यह स्थिति नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के पहले की है। नामांकन पत्रों की जांच का काम बृहस्पतिवार की देर शाम तक पूरा होने की उम्मीद है।
जबकि शुक्रवार को नामांकन वापसी होगी। पंचायत सदस्य सीटों में कई सीटों पर एकल नामांकन हुए हैं। यदि जांच में यह नामांकन खारिज होते हैं या कुछ उम्मीदवार अपना नाम वापस ले लेते हैं तो रिक्त सदस्य पदों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। दाखिल हुए नामांकन पत्रों की स्थिति के आकलन से तो यही लगता है कि ग्राम पंचायत सदस्य पद पर चुनाव के लिए लोगों में खास दिलचस्पी नहीं है।
--
पहले चरण में सीटों और नामांकन दाखिल होने की स्थिति
ग्राम प्रधान की कुल सीटें 388
ग्राम प्रधान पद के लिए दाखिल नामांकन 3600
पंचायत सदस्य की कुल सीटें 4828
पंचायत सदस्य पद के लिए दाखिल नामांकन 4178
--
ब्लाक वार प्रधान पद के लिए नामांकन की स्थिति
ब्लाक ग्राम पंचायत नामांकन
बेहजम 81 658
मोहम्मदी 107 914
मितौली 91 923
पसगवां 109 1105