कार्यक्रम में संबोधित करते प्रवीण तोगड़िया
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया बृहस्पतिवार को लखीमपुर खीरी पहुंचे। वह कार्यकर्ताओं से महाकुंभ की तैयारी और वहां संगठन की तरफ से नि:शुल्क व्यवस्थाएं कराने के लिए चर्चा करने और दान के लिए आए थे। इस दौरान हुई बैठक में उन्होंने एक बार फिर हिंदू के खतरे में होने की बात दोहराते हुए हिंदुओं को तीन बच्चे पैदा करने की शपथ दिलाई। कहा कि हिंदुओं को संगठित रहना होगा।
तोगड़िया ने कहा कि हर शनिवार को सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के लिए सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। पंजाबी कॉलोनी स्थित ऋषि आश्रम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि संगठन की तरफ से कुंभ में सभी को रहने, भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सभी को दान करना है।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष देव जुनेजा, जसवंत राज, वेद सचान, ब्रजेश पांडे, कन्हैया बाजपेई, जसवंत, विभाग महामंत्री कृष्ण पोरवाल, आचार्य संजय मिश्रा, किशन बाजपेई, सरदार रणजीत सिंह छाबड़ा, अरुण सिंह, रोमी छाबड़ा, त्रिलोचन सिंह जुनेजा, अनिल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इससे पहले वह माधव चिल्ड्रंस एकेडमी और संगठन के देव जुनेजा के घर पहुंचे। यहां इनका स्वागत किया गया।