लखीमपुर खीरी। बारिश का पानी सूखने के बाद शहर की सड़कों के जख्म सामने आ गए हैं। जलभराव से कई प्रमुख मार्गों की ऊपरी परत उखड़ गई और जगह-जगह गड्ढे बन गए। व्यस्त सड़कों पर इन गड्ढों से बचकर निकलना वाहन चालकों के लिए चुनौती बन गया है।
दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि पांच प्रमुख मार्गों के 3.13 किलोमीटर हिस्से के निर्माण और चौड़ीकरण की तैयारी है। इन पर करीब 2.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
राजापुर मार्ग, आनंद टॉकीज मार्ग, बक्सा मंडी मार्ग, जीजीआईसी मार्ग, गढ़ी रोड, पुराना एसपी बंगला से इमली चौराहा, कचहरी रोड और अलीगंज मार्ग समेत कई सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इनमें कई शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्ग हैं। सबसे खराब स्थिति जीजीआईसी के सामने वाली सड़क, आर्यकन्या चौराहे से बक्सा मार्केट होते हुए मेला रोड तक, इमली चौराहे से पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने होते हुए हिदायत नगर चौराहे तक, इमली चौराहे से मेला मैदान, मेला मैदान से गढ़ी रोड, कचहरी मार्ग और शाहपुरा कोठी से नौरंगाबाद चौराहे तक के मार्गों की है।
गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक अचानक दिशा बदलते हैं। इससे पीछे या आसपास से आ रहे वाहनों से टकराने का खतरा रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम और बढ़ जाता है। गड्ढे में पहिया पड़ने से वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका रहती है।
नगर पालिका के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में इन सड़कों के गड्ढे एक-एक बार भरे जा चुके हैं। इसके बावजूद बारिश और जलभराव के कारण कई स्थानों पर सड़क की सतह फिर खराब हो गई। अब कई मार्गों पर निर्माण और चौड़ीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं।
-इन सड़कों का होगा निर्माण-
शाहपुरा कोठी चौराहे से नौरंगाबाद तक 700 मीटर सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। आर्यकन्या चौराहे से बक्सा मार्केट होते हुए मेला मैदान तक 570 मीटर सड़क पर 80 लाख रुपये खर्च होंगे।
इमली चौराहे से मेला मैदान तक 830 मीटर सड़क का काम 27.84 लाख रुपये, कचहरी मार्ग से जीजीआईसी मार्ग वाली 230 मीटर सड़क का काम 21.53 लाख रुपये और मेला मैदान चौराहे से गढ़ी रोड तक 800 मीटर सड़क का निर्माण 64.64 लाख रुपये की लागत से कराया जाना है।
इन पांचों कार्यों की कुल लंबाई 3.13 किलोमीटर और लागत 2.9401 करोड़ रुपये है। कार्य शुरू होने की तारीख अभी तय नहीं है। नगर पालिका के अनुसार प्रक्रिया चल रही है। बारिश पूरी तरह थमने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। वाहन लेकर निकलने में काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। नगर पालिका जल्द मरम्मत करा दे, ताकि लोगों को परेशानी न हो। पता चला है कि बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत का काम शुरू होगा।
-सूरज गुप्ता, स्थानीय निवासी
-
शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सड़क की हालत खराब हो गई है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन अचानक मोड़ने पड़ते हैं, जिससे हादसे का खतरा रहता है। खासकर रात में दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा दिक्कत होती है। देखो कब काम शुरू होगा।
-संदीप शुक्ला, स्थानीय निवासी
इमली चौराहा, आनंद सिनेमा रोड, गढ़ी रोड, बक्सा मार्केट आदि कई सड़कें पास हो चुकी हैं। कई का टेंडर भी हो चुका है। बारिश खत्म होने का इंतजार है। बाकी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को चिह्नित किया जा रहा है। जहां सड़क अधिक खराब हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाएगी। फिलहाल आर्यकन्या चौराहे से बक्सा मार्केट होते हुए मेला मैदान तक सड़क के दोनों तरफ नालियों और आर्यकन्या चौराहे पर बड़े नाले का निर्माण शुरू हो गया है।
-संजय कुमार, ईओ, नगर पालिका लखीमपुर
रेलवे स्टेशन के सामने के सड़क पर बारिश के कारण हुए गड्ढे । संवाद
रेलवे स्टेशन के सामने के सड़क पर बारिश के कारण हुए गड्ढे । संवाद
रेलवे स्टेशन के सामने के सड़क पर बारिश के कारण हुए गड्ढे । संवाद
रेलवे स्टेशन के सामने के सड़क पर बारिश के कारण हुए गड्ढे । संवाद