लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। वर्षों बाद भी टिकट वितरण में सुधार नहीं हुआ है। पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम के निर्देशों के बाद भी यहां हालात जस के तस हैं।
वैसे तो रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण के लिए चार काउंटर बनाए गए हैं लेकिन पिछले कई वर्षों से यहां सिर्फ दो काउंटरों से ही काम चलाया जा रहा था। पिछले दिनों सीनियर डीसीएम ने यहां दौरे के समय खराब प्रिंटर को दुरुस्त कराने और चार काउंटर खोलने का निर्देश दिया था। कुछ दिनों तक रेलवे स्टेशन पर चार काउंटर खोले गए लेकिन मौजूदा समय में यहां दो या तीन काउंटर चल रहे हैं। प्रिंटर की खराबी फिर सामने आ रही है। इससे यात्रियों को ट्रेनों के आने पर लंबी लाइन लगाकर टिकट खरीदना पड़ता है। ऐसे में कभी-कभी यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है या फिर उन्हें बेटिकट यात्रा करने को मजबूर होना पड़ता है।