लखीमपुर खीरी। ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) त्रिवेंद्र कुमार आत्महत्या मामले में नामजद भाकियू (लोकतांत्रिक) के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू शुक्ला को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इस मामले में दो आरोपी अभी भी हाथ नहीं आए हैं।
शिवसागर कॉलोनी निवासी त्रिवेंद्र कुमार गोला गोकर्णनाथ ब्लॉक में वीडीओ पद पर तैनात थे। गोला में 28 अगस्त को भाकियू (लोकतांत्रिक) की बैठक में यूनियन की बैठक में त्रिवेंद्र कुमार को बुलाकर काफी बुरा भला कहा गया था। इसका वीडियो बनाकर उसे फेसबुक और व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया गया था। इससे आहत होकर वीडीओ त्रिवेंद्र कुमार ने चार सिंतबर की रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने इस प्रकरण में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस सात आरोपियों को अब तक गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी भाकियू (लोकतांत्रिक) के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान और जिलाध्यक्ष प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू, मीडिया प्रभारी विकास शुक्ला हाथ नहीं आ सके थे।
एसपी ने तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में तीनों ने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले लिया था। 14 सितंबर को त्रिवेंद्र कुमार के पिता प्रभुनाथ की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसमें आरोप था कि इन लोगों ने रास्ते में घेरकर पिता को समझौता करने के लिए धमकाया। इसके बाद से पुलिस हाथ न आ सके आरोपियों की तलाश कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को छाउछ चौराहा से दोनों मामलों में भागे चल रहे भाकियू (लोकतांत्रिक) के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया।