त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए शुक्रवार को ब्लाक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। रवानगी से पूर्व पीठासीन अधिकारी और उनके साथ ड्यूटी पर लगाए गए मतदान कर्मियों को संबंधित बूथों का बैलेट पेपर और बैलेट बाक्स दिया गया। शनिवार यानि 17 अक्तूबर को जिले के लखीमपुर, नकहा, धौरहरा और ईसानगर में मतदान कराया जाएगा। शुक्रवार को लखीमपुर ब्लाक के बूथों पर देवकली रोड स्थित धर्मसभा इंटर कॉलेज से मतदान कर्मियों को रवाना किया गया। इसके लिए सुबह से ही वहां पार्टियों को उनकी तैनाती वाले बूथों पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मतदान कर्मियों को बूथों तक ले जाने के लिए कॉलेज के फील्ड परिसर में ही वाहनों का इंतजाम किया गया था। वैसे तो कॉलेज परिसर में कर्मचारियों की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, लेकिन महिला कर्मचारियों को तैनाती स्थल की जानकारी करने में काफी दिक्कतों का सामना उठाना पड़ा। खंड विकास अधिकारी अजय पांडेय ने बताया कि पोलिंग बूथों पर 324 पार्टियां रवाना की गई हैं, जबकि 45 पार्टियां रिजर्व रखी गई हैं।
वाहन न मिलने पर बाइक से ले गए मतपेटियां
ईसानगर। विकास खंड के बूथों के लिए पब्लिक इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जगह के अभाव में वाहनों को करीब एक किलोमीटर दूर खड़ा किया गया। जिससे पार्टियों को मतपेटियां आदि सामग्री कंधों और बाइक से ले जाना पड़ा। कई महिलाओं ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान बूथों तक भेजने के लिए महिलाओं के लिए अतिरिक्त वाहन भेजने को कहा गया था, परंतु कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई। जिससे महिला कर्मियों को ट्रकों पर सवार होकर बूथों तक जाना पड़ा।
आखिर तक लगाया ड्यूटी कटाने का जुगाड़
ब्लाक परिसर में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी कटवाने के लिए उनके पति आखिर तक अधिकारियों की मनुहार करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। जिसके बाद महिला कर्मचारियों को तैनाती स्थल पर जाना पड़ा।
हाथ टूटने के बावजूद नहीं सुनी फरियाद, आखिर लग गई चुनाव ड्यूटी
ईसानगर। ईसानगर में बाल विकास पुष्टाहार विभाग में बतौर मुख्य सेविका तैनात हरदोई निवासी कृष्णा देवी ने बताया कि उनका दाहिना हाथ टूटा है। इसलिए उन्होंने 14 सितंबर से छुट्टी ले रखी है। इसके बाद भी लुधौनी में उनकी ड्यूटी लग गई। ड्यूटी कटवाने के लिए उन्होंने सीडीओ, आरओ, एआरओ और बीडीओ को प्रार्थना-पत्र दिया लेकिन किसी ने नहीं सुनी। ईसानगर में मुख्य सेविका के पद पर तैनात फूलमती को कमर व घुटनों में दिक्कत है। बचाव के लिए कमर बेल्ट बांध रखी है। वे पैर लटका कर नही बैठ पाती है। जबकि उनकी ड्यूटी भी मतदान अधिकारी तृतीय के रूप में मोहम्मदापुर में लगाई गई है। वहीं अचानक पेट दर्द व दस्त आने से मितौली से आए उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सेवकराम की हालत खराब हो गई। रिजर्व पार्टी में होने के कारण वह दवा खाने के बाद आराम करते नजर आए।
आखिरी पड़ाव में पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी
लखीमपुर खीरी। तृतीय चरण के मतदान के लिए शुक्रवार को शहर के धर्मसभा इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों में शामिल बुजुर्ग महिलाओं को नौकरी के आखिरी पड़ाव में भी पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी सौंप दी गई। रमियाबेहड़ में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में तैनात 58 वर्षीय शिक्षिका शांति देवी दीक्षित तबियत खराब होने की दशा में भी सुबह से ही धर्मसभा इंटर कॉलेज में पहुंच गई थीं, लेकिन काफी देर तक वो तैनाती स्थल की जानकारी के लिए इधर-उधर भटकती रहीं। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय पिपरिया में तैनात 58 वर्षीय शिक्षिका किरन कुमारी सक्सेना और करमुलहापुर में तैनात 58 वर्षीय शिक्षिका उमा शुक्ला की तबियत खराब होने के बावजूद चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई। कई महिला कर्मचारियों का कहना था कि उनकी स्थितियों पर गौर किए बिना पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई। जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुंभी ब्लाक के हकीमपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका प्रेमलता तिवारी को दो वर्षीय बच्चा गोद में लेकर चुनाव ड्यूटी के लिए लखीमपुर ब्लाक के खानपुर गुरेला जाना पड़ा। प्रेमलता के साथ उनके पति भी मौजूद थे। प्रेमलता का कहना है मतदान के दौरान पति बच्चे की जिम्मेदारी संभालेंगे। विधानसभा चुनाव में भी प्रेमलता को बच्चे के साथ ही मतदान कराने के लिए जाना पड़ा था।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज
लखीमपुर खीरी। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 640649 मतदाता जिला पंचायत के 269 और क्षेत्र पंचायत के 1979 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण में लखीमपुर, नकहा, ईसानगर और धौरहरा में जिला पंचायत की 18 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 456 सीटों पर चुनाव के लिए मतदान होना है। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा। चारों ब्लाकों के 364 मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को सुबह ब्लाक मुख्यालयों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई पोलिंग पार्टियां शाम तक निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।
शुक्रवार को डीएम किंजल सिंह, एसपी अखिलेश चौरसिया और प्रेक्षक अनिल कुमार ने चारों ब्लाकों का भ्रमण कर मतदान की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखे जाने वाली जगहों को देखकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने चेताया कि मतदान में किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी।
तीसरे चरण में उम्मीदवारों की संख्या
ब्लाक...................जिला पंचायत...................क्षेत्र पंचायत
.........................सीटें.........प्रत्याशी............सीटें.........प्रत्याशी
लखीमपुर ..........07.............118.................159...........665
नकहा................04...............77..................100..........549
ईसानगर............04..............52...................113..........338
धौरहरा...............03..............22....................84...........427
योग..................18..............269.................456...........1979
तीसरे चरण में मतदाताओं और मतदान केंद्रों की स्थिति
ब्लाक................मतदाता.............मतदान केंद्र............मतदेय स्थल
धौरहरा..............115763...................65........................169
ईसानगर...........159309...................93........................248
नकहा................137310..................81........................207
लखीमपुर..........2282......................86.........................222
योग..................663890................367........................970
तीसरे चरण में इनकी प्रतिष्ठा है दांव पर
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में लखीमपुर पंचम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य कुलदीप चौरसिया, लखीमपुर प्रथम से सतीश वर्मा और जहीर अहमद अंसारी, लखीमपुर पंचम से अनिल यादव, नकहा प्रथम से अनिता पटेल और नकहा से ही ग्राम्य विकास बैंक के अध्यक्ष राम सागर वर्मा समेत कई प्रमुख प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है।