लखीमपुर खीरी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिला सहकारी बैंक की एजीएम (वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक) में कहा है कि गरीबी से निपटने के लिए सहकारिता को हथियार बनाएं, क्योंकि यह एक नाव की तरह है इसमें बैठकर किसान समस्याओं से पार पा सकता है। उन्होंने कहा कि सहकारिता लोकतांत्रिक आंदोलन है, जो गरीब, मजदूर और किसान की मदद करता है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने सहकारी बैंक की दैनिक जमा योजना और गन्ना पर्ची के विरुद्ध ऋण योजना का शुभारंभ किया।
डीसीबी मुख्यालय परिसर में हुए एजीएम में प्राथमिक सहकारी समितियों और विशेष समितियों के निर्वाचित बैंक प्रतिनिधि उपस्थित हुए। बैंक अध्यक्ष विनीत मनार और संचालक मंडल के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीन कुमार ने बैंक की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी और बताया कि बैंक के निक्षेपों में 93 करोड़, अंशपूंजी में 1.23 करोड़, रक्षित एवं अन्य निधियों में 1.56 करोड़ की वृद्धि हुई है। बैंक की कुल कार्यशील पूंजी 1984.21 करोड़ रुपये है और बैंक का 31 मार्च 2019 तक कुल लाभ 123.55 लाख रुपये रहा है। बैंक अध्यक्ष विनीत मनार ने कहा कि समस्त सहकारी समितियों को कंप्यूटरीकृत कराया जाएगा। सांसद अजय मिश्र टेनी और रेखा वर्मा ने भी विचार रखे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष/विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सदर योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, शशांक वर्मा, सौरभ सिंह सोनू मौजूद रहे।
‘शाम सात बजे के बाद परिवार के साथ बिताएं समय’
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किसानों को सुखी जीवन जीने के लिए कुछ सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि शाम सात बजे के बाद सड़कों पर घूमना बंद करें। परिवार और बच्चों के साथ बैठकर आनंद लें। उन्होंने कहा कि बच्चों से कभी गुटका मत मंगाए और पत्नी पर हाथ कभी न उठाएं। बेटी को डांटने से मना किया और कहा कि मां-बाप के पास कुछ समय जरूर बैठो और चरण स्पर्श करके आशीर्वाद प्राप्त करें।