गोला गोकर्णनाथ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पहले ही बुधवार शाम जमुनाबाद फार्म स्थित कृषि महाविद्यालय के गेट पर फीता बांध कर उद्घाटन करने के मामले में पुलिस ने सपा नेता के पिता सहित तीन लोगों को बुधवार रात हिरासत में ले लिया था। गुरुवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद सपा के पूर्व विधायक की अगुआई में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और हंगामा करने लगे। मामला तूल पकड़ते देख पुलिस ने सुपुर्दगीनामा भरवाकर सपा कार्यकर्ताओं को उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।
सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष आकाश लाला की नेतृत्व में बुधवार शाम सपा कार्यकर्ताओं की इस हरकत पर प्रशासन सकते में आ गया। संभावना थी कि यदि दबाव न बनाया गया को सपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के सामने भी कुछ हरकत कर सकते हैं। पुलिस ने नगर निवासी सपा कार्यकर्ता पंकज लाला के पिता अशोक श्रीवास्तव, अमन यादव और अक्कू वर्मा को बुधवार रात हिरासत में ले लिया। वहीं आकाश लाला और अन्य कार्यकर्ता पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके।
गुरुवार की शाम 6:30 बजे सपा के पूर्व विधायक विनय तिवारी के नेतृत्व में सपाइयों ने कोतवाली घेरकर कार्यकर्ताओं को छोड़ने की मांग की। मामला बिगड़ता देख कोतवाली पुलिस ने सुपुर्दगी नामा भरवाकर सपा कार्यकर्ताओं को उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। पूर्व विधायक विनय तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने फीता काटकर असलियत सामने लाने का काम किया था। यह कोई अपराध नहीं है, कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ अभियुक्त जैसा बर्ताव किया। सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किसी भी स्तर पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पूर्व सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कृत्य के कारण तीन को हिरासत में लिया गया था, जिससे शांति व्यवस्था भंग न होने पाए। जिन्हें परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - डीपी तिवारी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली गोला।