एसपी कार्यालय पहुंचे भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारी। संवाद
लखीमपुर खीरी। पुश्तैनी मकान को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में पुलिसकर्मियों पर पद का दुरुपयोग कर एक पक्ष को धमकाने का आरोप लगा है। भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी से मुलाकात कर जेल गेट चौकी प्रभारी और एक सिपाही के खिलाफ शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंकज पंडित ने बताया कि नौरंगाबाद मोहल्ले में उनकी बहन का पुश्तैनी मकान है। मकान के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। आरोप है कि जेल गेट चौकी प्रभारी विपक्षियों के पक्ष में खड़े होकर उनके परिवार को धमका रहे हैं। एक सिपाही पर भी विपक्षियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया गया है।
जिला अध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि मामले में कार्रवाई नहीं होने पर संगठन धरना-प्रदर्शन करेगा। संगठन के मुताबिक, एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सद्दाम रहमानी, नरेंद्र वर्मा, कामिल उस्मानी, विश्राम यादव, संजय तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।